'लोग तुम्हारा रेप करेंगे, मैं खुद कर दूंगा', बेंगलुरु में छोटे कपड़े पहनने पर ऑटो ड्राइवर ने दी धमकी, लड़की ने शेयर की आपबीती
बेंगलुरु में एक ऑटो ड्राइवर ने न सिर्फ लड़की के छोटे कपड़े को लेकर कमेंट किया, बल्कि रेप की धमकी तक दे डाली. अब जबकि लड़की ने अपनी आपबीती सोशल मीडिया पर शेयर की, तो लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं.
बेंगलुरु: बेंगलुरु से महिलाओं के पहनावे को लेकर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जो समाज की गंदी सोच को उजागर करती है. शहर के इंदिरानगर इलाके में एक महिला के साथ ऑटो ड्राइवर ने बदसलूकी की और उसके कपड़ों को लेकर रेप की धमकी तक दे डाली. यह मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर सामने आया, जहां पीड़िता ने खुद अपनी आपबीती साझा की.
क्या है पूरा मामला?
महिला के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है. वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ सड़क पर थी, तभी एक ऑटो ड्राइवर ने अचानक उन पर चिल्लाना शुरू कर दिया. इसके बाद वह उनके पास आया और महिला के कपड़ों पर टिप्पणी करते हुए अपमानजनक बातें कहने लगा. महिला ने लिखा कि ड्राइवर ने कहा, 'तुम्हारी स्कर्ट बहुत छोटी है, अगर तुम ऐसे कपड़े पहनोगी तो लोग तुम्हारा बलात्कार करेंगे, मैं खुद कर दूंगा. '
इस पर महिला के बॉयफ्रेंड ने ड्राइवर से बहस की, लेकिन ड्राइवर धमकी देने के बाद अपनी गाड़ी लेकर वहां से भाग गया. महिला ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि वह न तो ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर देख पाई और न ही वीडियो बना सकी. हालांकि, उसने ड्राइवर का हुलिया बताया कि वह उम्रदराज आदमी था, जिसके बाल सफेद थे.
महिला ने अन्य लोगों से की सतर्क रहने की अपील
महिला ने अपनी पोस्ट में अन्य महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी और लिखा कि उसे डर तो नहीं लगा क्योंकि उसका बॉयफ्रेंड साथ था, लेकिन उसे चिंता है कि वही ड्राइवर किसी और अकेली महिला के साथ ऐसा व्यवहार कर सकता है.
महिला ने यह भी कहा कि उसकी स्कर्ट सामान्य थी और उसमें कुछ गलत नहीं था. उसने सवाल उठाया कि आज के समय में भी महिलाओं के पहनावे को लेकर इतनी गंदी सोच क्यों बनी हुई है.
यह मामला एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और उनके पहनावे पर टिप्पणी करने वालों की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. पुलिस ने अब तक इस घटना की पुष्टि नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा में है, और लोग महिला के समर्थन में अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं.