IPL 2026

सिर्फ 3 हजार रुपये के लिए दोस्त ने हथौड़े से वार कर बेरहमी से की हत्या, जानें क्या है पूरा मामला

कैथल के गांव भाना में 3 हजार रुपये के विवाद में एक मजदूर ने अपने दोस्त की हथौड़े से हत्या कर दी. दोनों बिहार के रहने वाले थे और खेत में मजदूरी करते थे. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest
Km Jaya

कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में महज 3 हजार रुपये के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली. पूंडरी क्षेत्र के गांव भाना में मजदूरी करने आए दो दोस्तों के बीच पैसे को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे की हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान कामेश्वर दास के रूप में हुई है, जो बिहार के शिवहर जिले के तरियानी छापरा गांव का निवासी था. उसके साथ उमेश दास और राकेश नामक दो अन्य मजदूर भी बिहार से कैथल आए थे. तीनों गांव भाना में एक किसान के खेत में गन्ना लगाने का काम कर रहे थे और खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में रहते थे.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार शनिवार रात काम खत्म होने के बाद तीनों मजदूर कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे. कुछ समय बाद राकेश खाना बनाने के लिए वहां से चला गया. इसके बाद कमरे में केवल कामेश्वर और उमेश ही मौजूद थे. इसी दौरान उमेश को पता चला कि उसकी जेब में रखे 3 हजार रुपये गायब हैं.

पुलिस जांच में क्या चला पता?

पुलिस जांच के मुताबिक उमेश ने कामेश्वर पर पैसे चोरी करने का आरोप लगाया. इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई. शराब के नशे में विवाद तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया. जिसके बाद उमेश बार-बार अपने पैसे लौटाने की मांग कर रहा था, जबकि कामेश्वर आरोपों से इनकार कर रहा था.

गुस्से में आकर उमेश ने कमरे में रखा हथौड़ा उठा लिया और कामेश्वर के सिर पर कई वार कर दिए. हमले में कामेश्वर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. उसके सिर से काफी खून बहने लगा. शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत पूंडरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया.

डॉक्टरों ने क्या बताया?

हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कामेश्वर को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद आरोपी उमेश दास मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया. पूंडरी थाना के एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.