चाकू से वार, पति की मौत और फिर छत से छलांग... आखिर उस रात क्या हुआ था?
कुरुक्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर पति पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली. घटना के बाद उसने छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया.
कुरुक्षेत्र में घरेलू विवाद से जुड़ी एक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. पिहोवा रोड के पास किराये के मकान में रहने वाले दंपती के बीच शुक्रवार शाम विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी बिमला ने पति राजेश कुमार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद महिला ने मकान की छत से छलांग लगा दी. घायल अवस्था में उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है.
झगड़े के बाद पति पर किया हमला
पुलिस के अनुसार राजेश कुमार अपनी पत्नी बिमला के साथ राज पैलेस के पीछे स्थित कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था. दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर के रहने वाले बताए गए हैं. राजेश मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था. आरोप है कि नशे की हालत में वह पत्नी के साथ मारपीट करता था. शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था.
चाकू के वार से हुई मौत
विवाद के बाद बिमला ने कथित तौर पर राजेश पर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो राजेश का शव कमरे में पड़ा था. उसके शरीर पर चाकू के वार के निशान मिले. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और विवाद की वजह की जांच कर रही है.
हत्या के बाद छत से लगाई छलांग
पति पर हमला करने के बाद महिला ने मकान की छत से नीचे छलांग लगा दी. इस वजह से वह घायल हो गई. शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया. थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू के मुताबिक, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला को जांच में शामिल किया जाएगा.
घाव की गहराई ने चौंकाया
फोरेंसिक जांच में सामने आया कि चाकू से लगा घाव करीब 36 सेंटीमीटर गहरा था. डॉक्टरों के अनुसार चोट इतनी गंभीर थी कि पेट के अंदरूनी अंग बाहर आ गए थे. पुलिस को उन्हें भी पोस्टमार्टम के लिए ले जाना पड़ा. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बिमला झाड़ फूंक का काम करती थी. उसके पास कई महिलाएं इस काम के लिए आती थीं.