सावन शिवरात्रि पर हर-हर महादेव से गूंजा हरियाणा, पानीपत से झज्जर तक शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन शिवरात्रि पर पानीपत, कुरुक्षेत्र और झज्जर समेत हरियाणा के कई इलाकों में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. कांवड़ियों ने गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
हरियाणा: सावन मास की शिवरात्रि पर मंगलवार को पानीपत, कुरुक्षेत्र और झज्जर समेत हरियाणा के कई इलाकों में शिवभक्ति का रंग देखने को मिला. तड़के से ही प्रमुख शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया.
कांवड़िए पवित्र नदियों से गंगाजल लेकर मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल अर्पित कर महादेव की पूजा की. लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
मंगला आरती के बाद उमड़ी भीड़
राधा कृष्ण मंदिर दत्ता कॉलोनी के पुजारी भगवत शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि का दिन भगवान आशुतोष की कृपा पाने के लिए विशेष माना जाता है. भोर में मंगला आरती के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. दोपहर तक मंदिरों में भक्तों की आवाजाही जारी रही.
Also Read
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने कतारबद्ध दर्शन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए. कई मंदिरों में व्यवस्था संभालने के लिए वालंटियर भी तैनात किए गए.
पानीपत में शिवालयों में लगी कतारें
पानीपत के भादौड़ गांव स्थित प्रगतेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन देवी मंदिर और श्री सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही. भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. मंदिर परिसरों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे.
कुरुक्षेत्र में आधी रात से पहुंचे श्रद्धालु
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र शिवमय नजर आई. स्थानेश्वर महादेव मंदिर, दुख भंजन महादेव मंदिर और संगमेश्वर महादेव मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. गांव अरुण स्थित संगमेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना के चलते विशेष तैयारियां की गई थीं. कई श्रद्धालु आधी रात से ही मंदिर पहुंचने लगे थे.
झज्जर में कांवड़ियों का दिखा उत्साह
झज्जर में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों ने विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया. श्रद्धालु झूला कांवड़, खड़ी कांवड़ और बग्गी वाली कांवड़ समेत अलग अलग तरह की कांवड़ लेकर पहुंचे. डाक कांवड़ लेकर आए शिव भक्त डीजे पर बज रहे भजनों के साथ मंदिरों तक पहुंचे.
शिव मंदिर बेरी गेट, रोहतक रोड स्थित बाईपास शिव मंदिर और आर्य नगर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं. स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों ने भी स्कूल जाने से पहले मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. सुबह के समय बढ़ती भीड़ के बीच मंदिरों और आसपास के इलाकों में लगातार शिव भजन और हर-हर महादेव के जयकारे सुनाई देते रहे.