हरियाणा सरकार ने किया हेली एंबुलेंस नेटवर्क का विस्तार, गंभीर मरीजों कोमिलेगी एयरलिफ्ट की सुविधा
हरियाणा सरकार गंभीर मरीजों के लिए हेली एंबुलेंस नेटवर्क का विस्तार करेगी. फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक के मेडिकल कॉलेजों के हेलीपैड को आधुनिक बनाया जाएगा.
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए हेली एंबुलेंस नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. सरकार का लक्ष्य गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर तेजी से एयरलिफ्ट कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. इसके लिए प्रदेश के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों के पास बने हेलीपैड को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा.
राज्य सरकार फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक स्थित मेडिकल कॉलेजों के निकट बने हेलीपैड के उन्नयन की योजना पर तेजी से काम करेगी. इन हेलीपैड का उपयोग मेडिकल आपातकाल के साथ पर्यटन और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के लिए भी किया जाएगा. इससे प्रदेश में हवाई संपर्क और आपातकालीन सेवाओं दोनों को मजबूती मिलेगी.
बैठक में किन प्रस्तावों पर होगा चर्चा?
इस संबंध में हरियाणा एयरपोर्ट्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आठवीं बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता नागरिक उड्डयन मंत्री और निगम के अध्यक्ष विपुल गोयल ने की. बैठक में नागरिक उड्डयन अवसंरचना के विकास, एयर एंबुलेंस सेवाओं के विस्तार, वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
Also Read
बैठक में स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया. सरकार चाहती है कि किसी भी गंभीर मरीज को जरूरत पड़ने पर बिना देरी के हवाई मार्ग से बड़े अस्पताल तक पहुंचाया जा सके. इसके लिए मेडिकल कॉलेजों के हेलीपैड को आधुनिक उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा.
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने क्या दिया निर्देश?
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रही सभी नागरिक उड्डयन परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि मजबूत हवाई अवसंरचना केवल यात्रा को आसान नहीं बनाती, बल्कि निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति देती है.
सरकार का क्या है मानना?
सरकार का मानना है कि नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पहले से अधिक प्रभावी और सुलभ बनेंगी. हेली एंबुलेंस नेटवर्क के विस्तार से दुर्घटनाओं या गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलने की संभावना बढ़ेगी.
हरियाणा सरकार का उद्देश्य राज्य में आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय एयरपोर्ट तथा हवाई सेवाओं का विकास करना है. सरकार का कहना है कि मजबूत हवाई संपर्क प्रदेश के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है.