सोनम वांगचुक का अनशन जारी, मेडिकल सहायता की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट पहुंची जनहित याचिका

जंतर-मंतर पर पिछले 18 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है. दिल्ली हाई कोर्ट में दायर जनहित याचिका में उनके लिए तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर जबरन पोषण देकर अनशन समाप्त कराने की मांग की गई है.

ANI
Shanu Sharma

जंतर-मंतर पर 18 दिनों से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है. याचिका में अदालत से आग्रह किया गया है कि वांगचुक के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. 

दिल्ली कोर्ट में दायर याचिका में यह भी अनुरोध किया गया है कि आवश्यक हो तो चिकित्सकीय निगरानी में पोषण देकर उनका अनशन समाप्त कराया जाए. वांगचुक नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के मंच से अनशन कर रहे हैं. उनका अनशन 28 जून से जारी है.

याचिकाकर्ता ने की हस्तक्षेप की मांग

यह जनहित याचिका सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता राकेश कुमार सैनी की ओर से दाखिल की गई है. याचिका में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को निर्देश देने की मांग की गई है कि वांगचुक को अस्पताल ले जाकर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई जाए.


याचिकाकर्ता का कहना है कि लंबे समय से भोजन त्यागने के कारण वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ रही है. यदि समय रहते उचित इलाज नहीं मिला तो स्थिति गंभीर हो सकती है. उन्होंने अदालत से मानवीय आधार पर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है. याचिका में यह आरोप भी लगाया गया है कि सरकार वांगचुक के मामले में अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है. इसमें कहा गया है कि एक प्रतिष्ठित सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता के स्वास्थ्य को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए. 

कई नेताओं ने की मुलाकात

वांगचुक के अनशन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. हालांकि अब तक सरकार और सीजेपी के प्रतिनिधियों के बीच किसी औपचारिक बातचीत या मध्यस्थता की शुरुआत नहीं हुई है, लेकिन विपक्षी दलों के कई नेताओं ने जंतर-मंतर पहुंचकर उनसे मुलाकात की है. पिछले दो दिनों में आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेताओं सहित कई विपक्षी प्रतिनिधि अनशन स्थल पर पहुंचे. इनके अलावा ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल और कई बॉलीवुड स्टार ने भी अलग-अलग सोशल मीडिया के माध्यम से सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की है