INDIA गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट मार्च को कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन, दिल्ली में सियासी हलचल तेज

CJP Support To INDIA Bloc: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका भी प्रदर्शन की अनुमति मांगने संसद मार्ग थाने पहुंचे. अब CJP ने विपक्षी मार्च को समर्थन देने का ऐलान किया है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

CJP Support To INDIA Bloc: दिल्ली में कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में बदलाव का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने इंडिया गेट से सुप्रीम कोर्ट मार्च निकालने की घोषणा की है. इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका भी प्रदर्शन की अनुमति मांगने संसद मार्ग थाने पहुंचे. अब CJP ने विपक्षी मार्च को समर्थन देने का ऐलान किया है.

कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी. आशुतोष रांका ने कहा कि अगर पुलिस प्रदर्शन की तारीख तय नहीं करती है, तो 24 घंटे के अंदर एक और प्रदर्शन का आह्वान किया जाएगा. पार्टी ने कहा कि वह विपक्षी दलों के मार्च का समर्थन करेगी. हालांकि, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर पुलिस की तरफ से अभी तक कोई फैसला नहीं दिया गया है. 

CJI सूर्यकांत ने मिलने से किया इनकार:

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मुलाकात का अनुरोध किया था. विपक्षी नेता मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मामले को लेकर एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे. हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने विपक्षी नेताओं से अलग से आकर मिलने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. इन मुद्दों से जुड़े मामले पहले से अदालत में लंबित हैं.


कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दोपहर में इंडिया गेट से मार्च शुरू करने की योजना है. राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ी है. उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और युवाओं से मार्च में शामिल होने की अपील की. राहुल गांधी ने कहा कि जो लोग सीधे मार्च में नहीं आ सकते, वे भी अपनी तरह से संविधान के प्रति समर्थन व्यक्त कर सकते हैं.

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, विपक्ष पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखने की अपील की.

राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्षी नेता सुप्रीम कोर्ट के सामने अपनी मांगों को रखने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, मार्च और ज्ञापन से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

अब आगे क्या होगा?

दिल्ली में प्रस्तावित मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात पर असर पड़ सकता है. ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक विभाग की ताजा जानकारी देखनी चाहिए.