दिल्ली में H1N1 का बढ़ा प्रकोप, 24 घंटे में मिले 114 नए मरीज; जेपी नड्डा ने बुलाई समीक्षा बैठक
दिल्ली में इन्फ्लूएंजा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. 20 अगस्त को 159 नए मरीज मिले, जिनमें 114 H1N1 संक्रमित हैं.
राजधानी दिल्ली में इन्फ्लूएंजा संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ रही है. 20 अगस्त को एक ही दिन में फ्लू के 159 नए मामले दर्ज किए गए. इनमें 114 मरीज H1N1 से संक्रमित पाए गए. इस तरह 2026 में दिल्ली में H1N1 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,777 हो गई है.
ताजा आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में सामने आए इन्फ्लूएंजा के नए मामलों में करीब 72 प्रतिशत मामले H1N1 के हैं. इससे साफ है कि फिलहाल राजधानी में इन्फ्लूएंजा A का यह प्रकार संक्रमण का प्रमुख कारण बना हुआ है.
इन्फ्लूएंजा के कुल मामले 2,602
दिल्ली में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा के कुल 2,602 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें इन्फ्लूएंजा A के 2,392 और इन्फ्लूएंजा B के 210 मामले शामिल हैं. 20 अगस्त को इन्फ्लूएंजा B के चार नए मरीज भी मिले. H1N1, इन्फ्लूएंजा A का एक प्रकार है, जिसे आम तौर पर स्वाइन फ्लू के नाम से जाना जाता है. आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली में दर्ज कुल फ्लू संक्रमणों में इन्फ्लूएंजा A की हिस्सेदारी काफी अधिक है. बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली में H1N1 की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई है.
Also Read
बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री के अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. बैठक दोपहर करीब 1:30 बजे होने की संभावना है. इसमें संक्रमण के ताजा आंकड़ों, मामलों की बढ़ती संख्या और रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की जाएगी. स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों और केंद्र तथा दिल्ली सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर भी चर्चा हो सकती है.
बचाव के लिए सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से संक्रमण से बचने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है. भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल, नियमित रूप से हाथ धोना और आंख, नाक व मुंह को बार-बार छूने से बचना संक्रमण का खतरा कम करने में मदद कर सकता है. फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर दूसरों से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने को कहा है. लगातार या गंभीर लक्षण होने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है. दिल्ली में बढ़ते H1N1 मामलों के बीच अब स्वास्थ्य विभाग की नजर रोजाना सामने आने वाले नए आंकड़ों पर है. आने वाले दिनों में संक्रमण की रफ्तार यह तय करेगी कि स्थिति सामान्य रहती है या इसके लिए अतिरिक्त कदम उठाने की जरूरत पड़ती है.