दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत; IMD ने जारी किया रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक अपना रुख बदल लिया और कई इलाकों में हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक अपना रुख बदल लिया और कई इलाकों में हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई. पिछले कई दिनों से तपती धूप और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बारिश किसी राहत भरी फुहार से कम नहीं रही. हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि बारिश के बावजूद तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है और आने वाले घंटों में तेज हवाओं व गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. सोमवार सुबह दिल्ली के कई हिस्सों के साथ-साथ नोएडा में भी हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार पालम में 1.3 मिमी और आयानगर में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि लोधी रोड क्षेत्र में भी हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली.

बारिश के बाद भी गर्मी से पूरी राहत नहीं

बारिश होने के बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है. वहीं पालम, रिज, लोधी रोड और आयानगर जैसे क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.


IMD ने जारी किया अलर्ट

IMD ने राजधानी के मध्य, पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार कई स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर हवा के झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है.

मध्यम श्रेणी में AQI

बारिश के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता फिलहाल संतोषजनक स्थिति में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 135 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. इससे लोगों को प्रदूषण के मोर्चे पर कुछ राहत मिली है.

अगले कुछ दिनों का मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 जून से 20 जून तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने के संकेत दिए गए हैं. ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.