NO PUC, NO FUEL! दिल्ली में आज से सख्त नियम लागू, बिना पीयूसी के पेट्रोल-डीजल-CNG कुछ नहीं मिलेगा
दिल्ली में आज से ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम लागू हो गया है. बिना वैध PUC सर्टिफिकेट के किसी भी वाहन को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा. सीएम रेखा गुप्ता ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए यह सख्त फैसला लिया है.
नई दिल्ली: दिल्ली में प्रदूषण को काबू करने के लिए सरकार ने एक सख्त कदम उठाया है. अब बिना वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट वाले वाहनों को पेट्रोल, डीजल, CNG या LPG कुछ भी नहीं मिलेगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस नियम को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए हैं. इससे दिल्लीवासियों को अपनी गाड़ी की PUC नियमित रूप से चेक करानी होगी.
पेट्रोल-डीजल, CNG कुछ नहीं मिलेगा
दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब राजधानी में बिना वैध PUC सर्टिफिकेट वाले वाहनों को किसी भी प्रकार का ईंधन नहीं दिया जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह नियम तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है. पेट्रोल पंपों और गैस स्टेशनों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे केवल उन्हीं वाहनों को फ्यूल दें जिनके पास वैध PUC हो.
'No PUC, No Fuel' नियम पर सख्ती
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस नियम को पूरी सख्ती से लागू किया जाए. यह नियम पिछले साल दिसंबर में शुरू किया गया था, लेकिन अब इसे और मजबूती से लागू किया जा रहा है. सरकार का मानना है कि बिना PUC वाले पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहन दिल्ली की हवा को लगातार खराब कर रहे हैं. सभी पेट्रोल पंपों को इस नियम का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.
पेट्रोल पंपों पर जाम की स्थिति
नए नियम के लागू होते ही दिल्ली के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. बिना PUC वाले वाहन मालिकों को ईंधन नहीं मिल रहा है, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ गई है. सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां कर रखी हैं. फ्यूल स्टेशन संचालकों को किसी भी बहाने या ढिलाई की इजाजत नहीं दी गई है.
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
सरकार ने फूड एंड सप्लाई विभाग, ट्रांसपोर्ट विभाग, नगर निगम और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को इस नियम को लागू कराने की जिम्मेदारी सौंपी है. सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ वाहन जब्त करने और भारी जुर्माना लगाने जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे. किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सीएम रेखा गुप्ता की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का PUC सर्टिफिकेट समय पर अपडेट कराएं और स्वच्छ दिल्ली बनाने में सहयोग करें. उन्होंने कहा कि वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को नियंत्रित करना प्रदूषण कम करने की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है.