पत्नी की हत्या के आरोपी पुलिसकर्मी ने की खुदकुशी, खुद को गोली मारकर दी जान
दिल्ली के मयूर विहार में पत्नी की हत्या के आरोपी दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने खुद को गोली मारकर जान दे दी. पुलिस अब हत्या और आत्महत्या, दोनों घटनाओं की कड़ियों को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है.
राजधानी दिल्ली में एक ही परिवार से जुड़ी दो बड़ी घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है. पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने मंगलवार को मयूर विहार इलाके में कथित तौर पर अपनी ही गोली से आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की. अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है.
पत्नी की हत्या के बाद फरार था आरोपी
पुलिस के अनुसार, कॉन्स्टेबल मनीष भाटी पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड में तैनात था. उस पर अपनी पत्नी प्रियंका भाटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था. घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. मंगलवार को मयूर विहार क्षेत्र में उसने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से हथियार सहित सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और तकनीकी जांच भी जारी है.
कल्याणपुरी में हुई थी वारदात
जांच में सामने आया है कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे मनीष और उसकी पत्नी प्रियंका स्कूटी से घर से निकले थे. दोनों पूर्वी विनोद नगर के निवासी थे और उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी. रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. पुलिस के मुताबिक, एलबीएस अस्पताल के पास बहस बढ़ने पर मनीष ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली चला दी. वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों और एक ऑटो चालक ने घायल प्रियंका को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
Also Read
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों पर जांच का फोकस
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच में अहम भूमिका निभा रही है. फुटेज के जरिए घटना का पूरा क्रम समझने और आरोपी की गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है. शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और अक्सर दोनों के बीच कहासुनी होती थी. अब आरोपी की मौत के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों मामलों को एक साथ जोड़कर जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, सभी परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.