IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

स्कूल से निकाल देने की धमकी, रोज का अपमान! 16 साल के छात्र की सुसाइड को लेकर चौंकाने वाला खुलासा

दिल्ली में कक्षा 10 के एक छात्र ने मेट्रो से कूदकर अपनी जान दे दी थी. अब इसकी जांच पुलिस कर रही है और इस मामले में कई बड़े खुलासे हुए हैं.

X
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: दिल्ली के एक नामी स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के 16 साल के छात्र ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली. पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्र ने अपने शिक्षकों और प्रधानाध्यापिका पर लगातार मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है. 

यह घटना राजधानी में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और स्कूलों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. इस केस में अब पुलिस ने कई बड़े खुलासे किए हैं.

घटना कैसे हुई?

मंगलवार दोपहर छात्र पश्चिम दिल्ली के एक ऊंचे मेट्रो स्टेशन से कूद गया. मौके पर पहुंची पुलिस को उसके बैग से हाथ से लिखा एक डेढ़ पेज का नोट मिला. इसमें उसने साफ-साफ कुछ शिक्षकों और प्रधानाध्यापिका के नाम लिखकर कहा कि वे लोग उसे लगातार परेशान करते थे. 

नोट में लिखे नामों के आधार पर पुलिस ने स्कूल के तीन शिक्षकों और प्रधानाध्यापिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 107 (आत्महत्या के लिए उकसावा) और 3(5) (साझा आपराधिक इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

स्कूल और सरकार की कार्रवाई

घटना के दो दिन बाद ही स्कूल ने आरोपी तीन शिक्षकों और प्रधानाध्यापिका को तुरंत निलंबित कर दिया. दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने भी पांच सदस्यीय जांच समिति बना दी है. इस समिति की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक हर्षित जैन कर रहे हैं. समिति को तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपनी है.

परिवार और दोस्तों ने क्या बताया?

मृतक छात्र के पिता ने बताया कि सोमवार को ही उनका बेटा फिर शिकायत करके आया था कि शिक्षक उसे बहुत परेशान कर रहे हैं. पिता ने उसे समझाया था कि बोर्ड परीक्षा के बाद स्कूल बदल देंगे. छात्र को बार-बार स्कूल से निकाल देने की धमकी भी मिलती थी.

परिवार का कहना है कि छात्र ने पहले भी स्कूल काउंसलर से अपनी परेशानी और सुसाइडल विचारों की बात कही थी लेकिन काउंसलर ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. छात्र के चाचा ने बताया, “उसने काउंसलर को बताया था लेकिन उसे टाल दिया गया.”

क्लासमेट के बयान चौंकाने वाले

छात्र के कई दोस्तों ने पुलिस को बताया कि शिक्षक सचमुच उसे निशाना बनाते थे. एक क्लासमेट ने कहा, “जो कुछ उसने नोट में लिखा है सब सही है. वह शिक्षकों से बहुत डरा हुआ था. हम लोग अगले दो-तीन दिन में प्रिंसपिल से इसकी शिकायत करने वाले थे.”

पुलिस जांच जारी

पुलिस स्कूल और मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. कई छात्रों के बयान दर्ज हो चुके हैं और आगे भी लिए जाएंगे. पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.