छत्तीसगढ़ के एक गांव से KBC की हॉट सीट तक पहुंचे योगेश, जानें 50 लाख जीतने के बाद क्यों छोड़ दिया खेल

छत्तीसगढ़ के 23 वर्षीय योगेश साहू ने कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन के सामने शानदार खेल दिखाते हुए 50 लाख रुपये जीते. उन्होंने एक करोड़ रुपये के सवाल का जवाब निश्चित नहीं होने के कारण खेल छोड़ दिया.

@ErKripaShankary X Account
Km Jaya

भाटापारा: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के छोटे से गांव टेहका के 23 वर्षीय योगेश साहू ने कौन बनेगा करोड़पति में शानदार खेल दिखाते हुए 50 लाख रुपये जीत लिए. अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे योगेश ने कई सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया. हालांकि, एक करोड़ रुपये के सवाल पर उन्होंने जोखिम लेने के बजाय 50 लाख रुपये लेकर खेल छोड़ने का फैसला किया.

योगेश के लिए KBC की हॉट सीट मंजिल नहीं बल्कि उनके बड़े सपने की ओर एक पड़ाव है. उनका लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर IAS अधिकारी बनना है. इसी सपने के लिए उन्होंने अच्छी नौकरी का मौका भी छोड़ दिया.

10वीं में हासिल किए थे 98 प्रतिशत अंक

योगेश ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था. इसके बाद उन्होंने JEE में सफलता हासिल की और IIT Bombay में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया. पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन के कारण वे IIT 2025 के टॉपर भी रहे.


पढ़ाई पूरी करने के बाद उनके पास करीब डेढ़ लाख रुपये महीने वेतन वाली नौकरी का विकल्प था. लेकिन योगेश ने नौकरी करने के बजाय UPSC की तैयारी को प्राथमिकता दी. उनका कहना था कि नौकरी से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है, लेकिन इससे IAS बनने का उनका सपना अधूरा रह जाएगा.

पिता हैं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल के ड्राइवर

योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश बैस के यहां चालक हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित होने के बावजूद योगेश ने पढ़ाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया.

उनकी शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार के जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर में हुई. बिलासपुर में आगे की पढ़ाई के दौरान रोहन चावला ने अपने कोचिंग सेंटर में उन्हें 11वीं और 12वीं की पढ़ाई निशुल्क कराई. तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी उनकी पढ़ाई में मदद की. उन्हें अलग अलग सरकारों के कार्यकाल में आर्थिक सहायता भी मिली.

सीनियर को देखकर KBC में आने की सोची

योगेश ने बताया कि उनके रूम पार्टनर और एक सीनियर पहले KBC में पहुंच चुके थे. उन्हें देखकर उनके मन में भी शो में जाने का विचार आया. उन्होंने प्रयास किया और आखिरकार अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट तक पहुंच गए.

50 लाख रुपये के सवाल पर उन्होंने लाइफलाइन का इस्तेमाल किया. मिले संकेत के आधार पर उन्होंने तिरुचिरापल्ली को उत्तर चुना और जवाब सही निकला. इसके साथ ही उन्होंने 50 लाख रुपये जीत लिए.

एक करोड़ के सवाल पर खेल छोड़ दिया

50 लाख रुपये जीतने के बाद योगेश के सामने एक करोड़ रुपये का सवाल आया. यह सवाल 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए पहले इंडियन डर्बी से जुड़ा था.

योगेश इस सवाल के जवाब को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे. ऐसे में उन्होंने जोखिम लेने के बजाय खेल छोड़ने का फैसला किया और 50 लाख रुपये अपने नाम कर लिए. फिलहाल वे UPSC की मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं और उनका अगला लक्ष्य IAS अधिकारी बनना है.