तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव की मदद को आगे आए तेज प्रताप यादव, परिवार को 11 लाख रुपये देने का किया ऐलान
राजपाल यादव की आर्थिक मदद के लिए बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे तेज प्रताप यादव आगे आए हैं. जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि वे राजपाल यादव के परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे.
बिहार: तिहाड़ जेल में बंद कॉमेडियन राजपाल यादव की आर्थिक मदद के लिए बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे तेज प्रताप यादव आगे आए हैं. जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि वे राजपाल यादव के परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे. यह घोषणा 10 फरवरी 2026 को की गई, जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी.
राजपाल यादव की मदद को आगे आए तेज प्रताप यादव
राजपाल यादव, जो अपनी कॉमेडी से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं, फिलहाल एक पुराने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं. यह मामला 2010 का है, जब उन्होंने अपनी निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए एक प्राइवेट कंपनी से लगभग 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म फ्लॉप होने के बाद लोन चुकाने में दिक्कत हुई और कई चेक बाउंस हो गए. दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद 6 फरवरी 2026 को उन्होंने जेल में सरेंडर कर दिया.
सरेंडर से पहले राजपाल यादव काफी भावुक हो गए थे और उन्होंने कहा था- 'क्या करें, पैसों की तंगी है. पैसा नहीं है और कोई रास्ता नहीं दिख रहा. यहां कोई दोस्त नहीं है जो मदद कर सके.' उनकी यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे कई लोगों का दिल पसीज गया. तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से वे JJD परिवार की ओर से 11 लाख रुपये राजपाल यादव के परिवार को दे रहे हैं.
सोनू सूद ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
उन्होंने कहा कि यह मुश्किल समय में राजपाल और उनके परिवार के साथ खड़े होने का तरीका है. इसके अलावा बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने भी राजपाल यादव की मदद का हाथ बढ़ाया है. सोनू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राजपाल को अपनी आने वाली फिल्म में रोल देने और साइनिंग अमाउंट देने की पेशकश की. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री एक परिवार है और मुश्किल समय में साथ देना हमारी जिम्मेदारी है. कई अन्य लोगों ने भी सहायता की अपील की है.