विकास दिव्यकीर्ति के बाद आया पटना वाले खान सर का नंबर, बिहार प्रशासन ने कोचिंग पर लगा दिया ताला

पटना प्रशासन ने दिल्ली की एक कोचिंग में हुए हादसे के बाद राजधानी में स्थिति अलग-अलग इलाकों में कोचिंग सेंटर की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पटना प्रशासन ने दर्जनों कोचिंग सेंटरों पर ताला लगा दिया है. इनमें से खान सर की भी कोचिंग शामिल है.

Social Media
India Daily Live

दिल्ली की राव आईएएस के बेसमेंट में पानी भरने से हुई 3 छात्रों की मौत के बाद कोचिंग सेंटर्स पर प्रशासन जमकर एक्शन ले रहा है. एमसीडी ने दिल्ली के कई कोचिंग सेंटर्स सील कर दिए. इसमें विकास दिव्यकीर्ति की दृष्टि भी शामिल है. इन सबके बीच दिल्ली में उठी ये चिंगारी पटना भी जा पहुंची है. पटना के दर्जनों कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन ने ताला लगा दिया है. इसमें खान सर की कोचिंग भी शामिल है.

पटना प्रशासन ने राजधानी में चलने वाली कई कोचिंग सेंटर्स की जांच की और दर्जनों कोचिंगों पर विभिन्न नियमों का पालन न करने के कारण ताला लगा दिया है. प्रशासन की ओर से कोचिंग सेंटरों की जांच की जा रही है.

3 हजार कोचिंग सेंटर्स का होगा वेरिफिकेशन

पटना सदर के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर के मुताबिक रजिस्ट्रेशन न होने या अग्नि सुरक्षा और अन्य भवन नियमों का पालन न करने के कारण पटना के कई कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई की गई है. दिल्ली में हुई घटना के बाद बिहार प्रशासन ने 3 हजार कोचिंगों का वेरिफिकेशन शुरू कर दिया है. नियमों का पालन न किए जाने पर कोचिंग में ताला भी लगाया जा रहा है.    

पटना के महेंद्रु, राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, अगम कुआं और कुम्हरार में इलाके में भी कई कोचिंग सेंटर हैं. इन इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रहता है. ऐसे में पटना प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है.

खान स्टडी ग्रुप के अंतगर्त आने वाली खान सर की बोरिंग रोड स्थित ब्रांच की जांच की जा रही है.  पटना प्रशासन ने खान सर के दो अन्य कोचिंग सेंटरों को बिल्डिंग बायलॉज का पालन करने के लिए समय दिया गया है.

खान सर के दो कोचिंग सेंटर ने पेपर जमा करने के लिए मांगा समय

प्रशासन की ओर से बताया गया कि अभी तक उनके द्वारा 30 कोचिंग सेंटर की जांच की जा चुकी है. ओल्ड पटना और नया टोला से लेकर भिखना पहाड़ी के कई कोचिंग सेंटर में भारी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं. इनमें से कुछ सेंटर को ओवरलोड की कैटेगरी में रखा गया है. कुछ कोचिंग सेंटर के पास अग्नि के लिए NOC नहीं है. कुछ का रजिस्ट्रेशन भी नहीं हुआ है. खान सर के दो कोचिंग सेंटर ने पेपर सबमिट करने के लिए समय मांगा है.