'हस्बैंड नेम वाले कॉलम में लालू के 'लाल' का नाम दर्ज', अनुष्का यादव की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में तेज प्रताप को लेकर चौंकाने वाला खुलासा
तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस तरह के दस्तावेज उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए फैलाए जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनका नाम गलत तरीके से जोड़ रहे हैं. उनका कहना है कि इन दावों का सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है.
पटना: बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. इस बार मामला अनुष्का यादव की नवजात बेटी से जुड़ा है. सोशल मीडिया और कुछ दावों में कहा गया कि बच्ची के पिता तेज प्रताप यादव हैं. हालांकि, तेज प्रताप ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उनका कहना है कि न तो अनुष्का यादव से उनका कोई रिश्ता है और न ही बच्चे से और यह सब उन्हें बदनाम करने की साजिश है.
इस विवाद को और हवा तब मिली जब अनुष्का यादव से जुड़ा एक मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बताया जा रहा है कि यह पर्चा पटना के कंकड़बाग स्थित मदरहुड हॉस्पिटल का है, जिस पर 7 अक्टूबर 2025 की तारीख दर्ज है. पर्चे पर डॉक्टर ऋतुराज का नाम है. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि मरीज के विवरण में पति या अभिभावक के कॉलम में तेज प्रताप यादव का नाम लिखा हुआ दिख रहा है. इसी आधार पर लोग नए सवाल खड़े कर रहे हैं.
तेज प्रताप यादव की सफाई
तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस तरह के दस्तावेज उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए फैलाए जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनका नाम गलत तरीके से जोड़ रहे हैं. उनका कहना है कि इन दावों का सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
पुरानी तस्वीरों से जुड़ा मामला
यह पहला मौका नहीं है, जब तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव को लेकर विवाद हुआ हो. इससे पहले चुनाव के समय दोनों की एक तस्वीर तेज प्रताप के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा हुई थी. बाद में उन्होंने दावा किया था कि उनका अकाउंट हैक हो गया था. इसी पूरे घटनाक्रम और कथित अनुशासनहीनता के आधार पर लालू प्रसाद यादव ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया था.
आकाश भाटी का नाम आया सामने
इस बार तेज प्रताप यादव ने विवाद को नया मोड़ देते हुए आकाश भाटी का नाम लिया है. उन्होंने दावा किया कि अनुष्का यादव की बच्ची के असली पिता आकाश भाटी हैं. तेज प्रताप के अनुसार, आकाश भाटी पटना के गोला रोड इलाके के रहने वाले हैं और उनका अनुष्का के फ्लैट पर आना-जाना रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक इस दिशा में जांच क्यों नहीं हुई?
कौन हैं आकाश भाटी?
तेज प्रताप के बयान के बाद आकाश भाटी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. फिलहाल, उनकी पहचान साफ तौर पर सामने नहीं आई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वे न तो किसी सरकारी पद पर हैं और न ही किसी बड़े राजनीतिक चेहरे के रूप में जाने जाते हैं. कुछ जगहों पर उन्हें आकाश गुर्जर भी कहा जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पूरे मामले में अब जांच और सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है.