खाना मिलने में हुई देरी पर मचा बवाल... देवर ने गुस्से में धड़ से अलग किया भाभी का सिर, आरोपी गिरफ्तार

बिहार के जहानाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी भाभी अंशु देवी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया.

X (@MadhurYadav214)
Meenu Singh

बिहार के जहानाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक हत्या का मामला सामने आया है. पारस बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंशु देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.

इमादपुर गांव में हुई खौफनाक वारदात

यह घटना पारस बीघा पुलिस थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार, आरोपी कुणाल कुमार ने अंशु देवी पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने शव का कटा हुआ सिर अपने घर के बाहर एक पेड़ पर लटका दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

खाना देने में देरी पर हुआ विवाद

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय अंशु देवी घर में अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेतों में गए हुए थे. बताया जा रहा है कि कुणाल कुमार खेत से लौटने के बाद खाना मांगने लगा. खाना परोसने में हुई देरी से वह गुस्से में आ गया और उसने कुल्हाड़ी उठाकर हमला कर दिया.


घटना के बाद मौके पर ही बैठा रहा आरोपी

हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ. वह घर के पास ही बैठा रहा. जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने हथियार किया बरामद

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है. आरोपी कुणाल कुमार को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है. इस वारदात से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.