नाबालिग बेटी से जबरन शारीरिक संबंध बनाता था पिता, विरोध करने पर करता मारपीट; ऐसे हुआ खुलासा

मुजफ्फरपुर में नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय तक यौन शोषण करने के आरोप में पिता को गिरफ्तार किया गया है. पीड़िता ने विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया.

Pinterest
Km Jaya

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक पिता पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय तक जबरन यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी करीब डेढ़ साल से उसका शोषण कर रहा था. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी.

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का वर्ष 2019 में निधन हो गया था. परिवार में उसके दो छोटे भाई भी हैं. आरोप है कि मां की मौत के बाद आरोपी पिता ने उसे लगातार प्रताड़ित किया. पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी उसके साथ मारपीट करता था.

रिश्तेदारों को बताई पूरी बात

पीड़िता के मुताबिक, 17 अगस्त को उसने अपने बड़े पापा और बड़ी मां को पूरी घटना की जानकारी दी. दोनों ने जब आरोपी से इस बारे में पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हंसिया और तलवार लेकर उन्हें भी धमकाया और वहां से खदेड़ दिया.


इसके बाद शुक्रवार को आरोपी ने फिर पीड़िता को परेशान करने की कोशिश की. इसी दौरान पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पीएसआई अनुराधा सहाय ने बताया कि आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. वहीं पीड़िता को महिला हेल्पलाइन की देखरेख में सौंप दिया गया है. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

जमीन विवाद में भाई पर धारदार हथियार से हमला

मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट का मामला भी सामने आया है. बहिलवारा खोरमपुर तिवारी टोला में गुरुवार रात चंदू तिवारी और राजेश्वर तिवारी के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि चंदू तिवारी ने धारदार हथियार से राजेश्वर तिवारी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया.

राजेश्वर तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके भाई ने अपने हिस्से से अधिक जमीन बेच दी थी. इसी बात को लेकर पूछताछ करने पर विवाद हुआ. पुलिस ने आरोपी चंदू तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

दरवाजे पर झाड़ू लगाते समय युवक को मारी गोली

मुजफ्फरपुर के जैतपुर थाना क्षेत्र में एक अन्य घटना में दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे नागेश्वर ठाकुर उर्फ नागा ठाकुर को गोली मार दी गई. पीड़ित के अनुसार, प्रिंस कुमार पीछे से आया और आवाज देने के बाद उसे गोली मार दी. गोली कंधे के नीचे लगी और आरपार हो गई.

घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी जेल जा चुका है.