महिला एशिया कप 2026: लॉर्ड्स में शतक लगाने वाली यास्तिका भाटिया बाहर, टीम इंडिया का ऐलान

महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. चोटिल श्रेयंका पाटिल टीम से बाहर हैं, वहीं प्रेमा रावत को मौका मिला है.

X
Ashutosh Rai

भारतीय महिला टीम के चयनकर्ताओं ने महिला एशिया कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी. टीम में केवल एक बदलाव किया गया है. चोट के कारण श्रेयंका पाटिल बाहर हो गई हैं. वहीं यास्तिका भाटिया को लगातार दूसरी बार टीम में जगह नहीं मिली.

यास्तिका भाटिया को फिर नहीं मिला मौका

लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार शतक लगाने के बावजूद यास्तिका भाटिया को महिला एशिया कप 2026 की टीम में जगह नहीं मिली. चयनकर्ताओं ने एक बार फिर युवा विकेटकीपर बल्लेबाज जी कमालिनी पर भरोसा जताया है. लगातार दूसरी बार यास्तिका का टीम से बाहर रहना चर्चा का विषय बन गया है. चयन समिति भविष्य की योजना को ध्यान में रखते हुए कमालिनी को लगातार मौके दे रही है. हरमनप्रीत कौर टीम की कप्तानी करेंगी. वहीं स्मृति मंधाना उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगी.

प्रेमा रावत को मिला भरोसा

टीम में सबसे बड़ा बदलाव श्रेयंका पाटिल के बाहर होने के रूप में देखने को मिला. टखने की लिगामेंट चोट से पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया. उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर प्रेमा रावत को बरकरार रखा गया है. प्रेमा को हाल ही में महिला टी20 विश्व कप में भी मौका मिला था. हालांकि उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का अवसर मिला लेकिन चयनकर्ताओं ने उन पर अपना भरोसा बनाए रखा और एशिया कप की टीम में भी शामिल किया.


द हंड्रेड खेल रही हैं भारत की चार स्टार खिलाड़ी

भारतीय महिला टीम की चार प्रमुख खिलाड़ी इस समय इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं. इनमें स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष शामिल हैं. महिला एशिया कप अगस्त के आखिर से सितंबर के बीच खेला जाएगा. इसके बाद भारतीय टीम जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेगी. टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाएगा और एशियन गेम्स में भारत गोल्ड मेडल की मजबूत दावेदारी पेश करेगा.