T20 World Cup 2024: 1 जून 2024 से अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप 2024 की तैयारियां तेज हैं. अधिकतर टीमें अपना स्क्वाड घोषित कर चुकी हैं. इस क्रम में नीदरलैंड्स के 15 फाइनल खिलाड़ियों की लिस्ट भी सामने आई है, जिसमें 3 भारतीय मूल के खिलाड़ियों को जगह मिली है. 'रॉयल डच क्रिकेट संघ' ने 27 साल के एडवर्ड्स को कप्तानी का जिम्मेदारी सौंपा है. उन्होंने नीदरलैंड के लिए 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 122 की स्ट्राइक-रेट से 671 रन बनाए हैं.
आइए उन 3 भारतीय मूल के खिलाड़ियों के बारे में जान लेते हैं, जिन्हें नीदरलैंड के विश्व कप स्क्वाड में चुना गया है. इनमें आर्यन दत्त, विक्रमजीत सिंह, तेजा निदामनुरु का नाम शामिल है.
1. आर्यन दत्त
यह ऑलराउंडर भारतीय मूल का है. उनका नाता पंजाब के होशियारपुर से जुड़ा है. साल 1980 में आर्यन का परिवार नीदरलैंड जाकर बस गया गया था, आर्यन का जन्म भी वहीं हुआ. वे बचपन से ही क्रिकेट खेल रहे हैं और कड़ी मेहनत के दम पर टीम में जगह बनाई. 21 साल का यह खिलाड़ी राइट आर्म ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करता है. वे ठीक ठाक बैटिंग भी कर लेते हैं. 38 वनडे में वो 181 रन बनाने के साथ 41 शिकार कर चुके हैं. टी20 के 9 मैचों में 1 रन बनाया और 8 विकेट लिए हैं.
Netherlands' upcoming #T20WorldCup campaign will not feature Colin Ackermann and Roelof van der Merwe, who made themselves unavailable for selection in order to fulfil their county commitments pic.twitter.com/Nbaq940GEi
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) May 13, 2024
2. विक्रमजीत सिंह
बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह पंजाब के चीमा खुर्द से आते हैं. उनका जन्म 9 जनवरी 2003 में हुआ था. 7 साल तक गांव में रहने के बाद उनके पिता हरप्रीत सिंह नीदरलैंड्स शिफ्ट हो गए. इसके बाद विक्रमजीत ने 11 साल की उम्र में नीदरलैंड्स के लिए अंडर 12 टूर्नामेंट खेल चुका, इस खिलाड़ी की प्रतिभा को तत्कालीन कप्तान पीटर बोरेन ने पहचाना था. विक्रम को 15 साल की उम्र में नीदरलैंड्स ए टीम में शामिल किया गया था. फिर वो नेशनल टीम में आए. अब वह वर्ल्ड कप में जलवा बिखेरने को तैयार हैं. उनके पिता नीदरलैंड में ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाते हैं. 32 वनडे मैचों में विक्रम ने 964 रन किए हैं. 10 टी20 मैचों में 105 रन बनाए हैं.
3. तेजा निदामनुरु
तेजा निदामनुरु का जन्म आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में हुआ था. उनका पूरा नाम अनिल तेजा निदामनुरु है. वो एक ऑलराउंडर हैं, जो अच्छी बैटिंग के साथ-साथ ऑफ ब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं. उनकी फैमिली काफी साल पहले न्यूजीलैंड बस गई थी. इस खिलाड़ी ने ऑकलैंड के लिए 2017-18 में सुपर स्मैश टी20 टूर्नामेंट में क्रिकेट खेला था. उन्होंने लिस्ट-ए डेब्यू 2018-19 फोर्ड ट्रॉफी के जरिए किया था. फिर वे 2019 में नीदरलैंड चले गए थे. जहां वो अलग-अलग क्रिकेट क्लब के लिए खेले. 2021 में नीदरलैंड के घरेलू टी20 लीग डच टी20 कप में उन्होंने वीओसी रॉटरडैम के खिलाफ मैच में 42 गेंद में 104 रन बनाए थे, लिहाजा फिर उन्हें 2022 में नेशनल टीम में चुना गया. अब वो विश्व कप में जलवा दिखाने को तैयार हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए नीदरलैंड्स टीम
स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), आर्यन दत्त, बास डी लीडे, डेनियल डोरम, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, लोगान वैन बीक, मैक्स ओ’डोड, माइकल लेविट, पॉल वैन मीकेरेन, साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट, तेजा निदामानुरु, टिम प्रिंगल , विक्रम सिंह और वेस्ले बर्रेसी.