T20 World Cup 2026

श्रेयस या म्हात्रे नहीं! अजिंक्य रहाणे के बाद यह खिलाड़ी बनेगा मुंबई की टीम का कप्तान, चौंकाने वाला नाम आया सामने

Shardul Thakur: अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की कप्तानी छोड़ दी है और उन्होंने युवाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसा करने का फैसला किया है. इसके बाद टीम के कप्तान का चौंकाने वाला नाम सामने आया है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Shardul Thakur: मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम को नया कप्तान मिल गया है और यह नाम कई लोगों के लिए चौंकाने वाला है. भारत के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को आगामी 2025-26 सीजन के लिए मुंबई रणजी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. यह फैसला तब लिया गया, जब मौजूदा कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया. रहाणे ने कहा कि वह एक खिलाड़ी के रूप में मुंबई के लिए खेलना जारी रखेंगे. 

अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मुंबई के साथ कप्तानी और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए सम्मान की बात है. नए सीजन को देखते हुए, मुझे लगता है कि अब समय है कि एक नए लीडर को तैयार किया जाए. इसलिए, मैंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. मैं एक खिलाड़ी के रूप में मुंबई के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं और मुंबई के साथ अपनी यात्रा को और ट्रॉफी जीतने के लिए जारी रखूंगा.”

शार्दुल ठाकुर बने नए कप्तान

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक रहाणे की जगह अब मुंबई की कप्तानी शार्दुल ठाकुर करते हुए नजर आने वाले हैं. बता दें कि वह पहले ही दलीप ट्रॉफी में वेस्ट जोन के कप्तान के रूप में अपनी नेतृत्व क्षमता दिखा चुके हैं. मुंबई की सीनियर चयन समिति ने रहाणे से नए कप्तान के लिए सुझाव मांगे थे और शार्दुल का नाम इस रेस में सबसे आगे था. 

पिछले सीजन में शार्दुल ने 9 मैचों में 505 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल था. इसके अलावा, उन्होंने 35 विकेट भी लिए, जिससे उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों की अहमियत साफ झलकती है. चाहे वह जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 119 रनों की शानदार पारी हो या मेघालय के खिलाफ हैटट्रिक, शार्दुल ने हर बार मुश्किल वक्त में मुंबई को संभाला है.

मुंबई के लिए नई चुनौतियां और उम्मीदें

शार्दुल ठाकुर की कप्तानी में मुंबई की टीम नए सीजन में और भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है. उनके पास श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव और तनुश कोटियन जैसे खिलाड़ी हैं, जो टीम को संतुलन प्रदान करते हैं. शार्दुल का अनुभव और उनकी ‘नेवर गिव अप’ वाली सोच मुंबई को एक बार फिर रणजी ट्रॉफी में शीर्ष पर पहुंचा सकती है.