2027 वर्ल्ड कप से पहले Team India में बढ़ी हलचल! सीनियर प्लेयर्स ने गंभीर को दरकिनार कर BCCI से सीधे मांगी क्लैरिटी

2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने सीधे BCCI अधिकारियों से अपनी भूमिका और भविष्य को लेकर स्पष्टता मांगी है, जिससे गौतम गंभीर और टीम प्रबंधन पर दबाव बढ़ गया है.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में 2027 वनडे विश्व कप को लेकर तैयारियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं, लेकिन इसके साथ ही कई बड़े सवाल भी सामने आ रहे हैं. सबसे ज्यादा चर्चा दो दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर हो रही है. 

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज को अगले विश्व कप की तैयारियों का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है. इसी बीच ऐसी खबरें सामने आई हैं कि टीम के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने अपने भविष्य और भूमिका को लेकर सीधे BCCI के शीर्ष अधिकारियों से बातचीत की है. माना जा रहा है कि यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि आगामी 16 महीनों की रणनीति को लेकर स्पष्टता हासिल की जा सके.

सीनियर खिलाड़ियों ने BCCI से की सीधी बात

सूत्रों के अनुसार, कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने गौतम गंभीर को दरकिनार कर सीधे BCCI के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया है. वे 2027 विश्व कप में अपनी भूमिका और भविष्य को लेकर स्पष्ट जवाब चाहते हैं. रोहित और कोहली के T20 संन्यास के बाद वनडे में उनकी जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं.


RO-KO के भविष्य पर बना हुआ है संशय

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के करियर का अगला अध्याय लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट को वर्षों तक नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, लेकिन अब उनकी उम्र और भविष्य की योजनाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

गंभीर की रणनीति पर उठे सवाल

टीम प्रबंधन के सूत्रों के अनुसार गंभीर अभी तक वनडे फॉर्मेट में उतना सक्रिय नहीं दिख रहे हैं जितना टेस्ट और T20 में थे. शुभमन गिल को ड्रेसिंग रूम में ज्यादा जिम्मेदारी देने पर भी चर्चा हो रही है. खिलाड़ियों का कहना है कि सीनियर क्रिकेटरों को उनकी भूमिका स्पष्ट रूप से बताई जाए. 

अगले 16 महीने होंगे निर्णायक

भारतीय टीम के लिए आगामी डेढ़ वर्ष बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को यह तय करना होगा कि अनुभवी खिलाड़ियों का अनुभव और युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा किस तरह संतुलित की जाए. यही रणनीति 2027 विश्व कप में भारत की सफलता की नींव रख सकती है, क्योंकि  2027 वनडे विश्व कप अब सिर्फ 16 महीने दूर है.