'जल्दबाजी नहीं, सही समय पर मिलेगा मौका...' वैभव सूर्यवंशी को लेकर आर अश्विन की दो टूक

आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू न मिलने पर सोशल मीडिया लगातार सवाल खड़े कर रहे हैं, लेकिन भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने टीम प्रबंधन के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि खिलाड़ी को जल्दबाजी में प्लेइंग इलेवन में शामिल करना उसके लिए सही नहीं होगा.

X (@CricketCentrl)
Meenu Singh

भारतीय टीम में मौजूदा समय में सबसे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा हो रही है. खिलाड़ी को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शामिल तो जरूर किया गया है लेकिन उन्हें पहले मैच में खेलने का मौका नहीं दिया गया. जिस कारण अब  सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. फैंस लगातार उन्हें न खिलाने पर सवाल खड़े कर रहे हैं. इस बीच भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने टीम प्रबंधन के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी युवा खिलाड़ी को जल्दबाजी में प्लेइंग इलेवन में शामिल करना उसके विकास के लिए सही नहीं होता.

बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने नियमित सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पर भरोसा जताया. वैभव सूर्यवंशी टीम का हिस्सा होने के बावजूद अंतिम एकादश में जगह नहीं बना सके. मैच में भारत को 34 रन से हार का सामना करना पड़ा.

'टीम गेम में संतुलन जरूरी...' 

अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान आर अश्विन ने कहा कि, 'कृपया, सभी लोग खेल के बारे में थोड़ी समझदारी से सोचें. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने एक साथ ओपनिंग की थी, और संजू ने विश्व कप में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। अगर आप वैभव सूर्यवंशी के लिए उनमें से किसी एक को बेंच पर बैठा देते हैं, तो इसे टीम गेम कहने का क्या मतलब रह जाता है?'

बेंच पर रहकर भी मिलती है बड़ी सीख

अश्विन का मानना है कि हर खिलाड़ी के विकास में केवल मैदान पर उतरना ही जरूरी नहीं होता. उन्होंने कहा कि टीम के साथ रहकर ड्रेसिंग रूम का माहौल समझना, सीनियर खिलाड़ियों से सीखना और मैचों को करीब से देखना भी युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम अनुभव होता है. उनके अनुसार, वैभव के सामने लंबा करियर है और सही समय आने पर उन्हें भरपूर अवसर मिलेंगे.

हार के बाद अभिषेक शर्मा ने बताई वजह

मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने हार का कारण परिस्थितियों के अनुरूप जल्दी खुद को ढालने में नाकामी को बताया. उन्होंने कहा कि लगातार मैचों के व्यस्त कार्यक्रम में सीमित अभ्यास समय मिलता है, इसलिए मजबूत टीम वही होती है जो नई परिस्थितियों के हिसाब से तेजी से खुद को तैयार कर ले. इस मुकाबले में भारतीय टीम ऐसा करने में सफल नहीं रही.

आयरलैंड ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

पहले T20 मुकाबले में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 34 रन से हराया. यह टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ आयरलैंड की किसी भी प्रारूप में पहली जीत रही. इस नतीजे ने सीरीज की शुरुआत को रोमांचक बना दिया है और अब भारतीय टीम अगले मुकाबले में वापसी की कोशिश करेगी.