भारत के नक्शे में हमारा नॉर्थ-ईस्ट गायब है..., Glasgow के रेस्टोरेंट में देश का गलत नक्शा देख भड़कीं लवलीना बोरगोहेन

Commonwealth games 2026 में बॉक्सिंग टीम के जश्न के दौरान लवलीना बोरगोहेन ने Glasgow के एक रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा देखकर आपत्ति जताई.

X
Ashutosh Rai

Commonwealth games 2026 में भारत की बॉक्सिंग टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद ग्लासगो में आयोजित डिनर के दौरान एक विवाद सामने आया. ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन ने रेस्टोरेंट में भारत का अधूरा नक्शा देखकर नाराजगी जताई और इसे तुरंत सही करने की मांग की.

गलत नक्शा देखकर जताई नाराजगी

भारत की बॉक्सिंग टीम Commonwealth games 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद ग्लासगो के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट 'मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी' में जश्न मनाने पहुंची थी. इसी दौरान लवलीना बोरगोहेन की नजर रेस्टोरेंट के नैपकिन और बाहर लगे भारत के नक्शे पर गई. उन्होंने देखा कि नक्शे में नॉर्थ-ईस्ट का हिस्सा सही तरीके से नहीं दिखाया गया था. इसे देखकर उन्होंने तुरंत अपनी आपत्ति दर्ज कराई. असम की रहने वाली लवलीना ने कहा कि देश का कोई भी हिस्सा अलग नहीं है और भारत का नक्शा हमेशा पूरी तरह और सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए.

बॉक्सिंग फेडरेशन ने भी उठाई आवाज

लवलीना की आपत्ति के बाद बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस मामले को गंभीरता से उठाया. उन्होंने कहा कि नक्शे में केवल नॉर्थ-ईस्ट ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर का हिस्सा भी सही तरीके से नहीं दिखाया गया था. उन्होंने रेस्टोरेंट प्रबंधन से आग्रह किया कि गलत डिजाइन को हटाकर भारत का सही नक्शा लगाया जाए. यह रेस्टोरेंट ग्लासगो में भारतीय खाने के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है और यहां अक्सर खिलाड़ी व अन्य मेहमान आते हैं. हालांकि खबर लिखे जाने तक रेस्टोरेंट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.


जश्न के बीच छिड़ी नई चर्चा

यह घटना उस समय हुई जब भारत ने Commonwealth games 2026 में बॉक्सिंग का अपना सबसे सफल अभियान पूरा किया था. भारतीय मुक्केबाजों ने कुल सात गोल्ड मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया. महिला वर्ग में प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और प्रिया घंघास ने गोल्ड जीते. वहीं पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने भी देश का नाम रोशन किया. लवलीना खुद महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं. बॉक्सिंग टीम का यह डिनर ऐतिहासिक प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए रखा गया था लेकिन गलत नक्शे के मुद्दे ने पूरे कार्यक्रम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.