Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

जसप्रीत बुमराह ने ICC मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर बनकर रचा इतिहास, 2 दिन में 2 आईसीसी अवॉर्ड जीतकर मचाया तहलका

जसप्रीत बुमराह ने आईसीसी मेंस क्रिकेटर द ईयर का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है. सोमवार को ही उन्हें टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर के अवार्ड से नवाजा गया था.

X
Hemraj Singh Chauhan

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आईसीसी मेंस क्रिकेटर द ईयर का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है. वो दो दिन में दो आईसीसी अवार्ड जीत चुके हैं. इसी के साथ उन्होंने टीम इंडिया की रन मशीन कहे जाने वाले विराट कोहली की बराबरी कर ली है. इस साल उन्होंने चोट से वापसी के बाद विपक्षी टीमों के खिलाफ कहर बरपाया हुआ है. आईसीसी मेंस क्रिकेटर द ईयर अवार्ड जीतने वाले वो पहले भारतीय तेज गेंदबाज हैं

भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने में बुमराह की बड़ी भूमिका रही थी. इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रैविस हेड, इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट और हैरी ब्रूक को पछाड़ कर आईसीसी का प्रतिष्ठित सर गारफील्ड सोबर्स पुरस्कार जीता.

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में लिए 32 विकेट

जसप्रीत बुमराह की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने मेजबानों को उनके घर में खासा परेशान किया. इस सीरीज में उन्होंने 32 विकेट लिए. इसके अलावा उन्होंने इस साल टेस्ट सीरीज में 71 विकेट चटकाए. उन्होंने 14.92 के शानदार औसत से ये विकेट चटकाए. साल 2024 में उनके नाम सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट हैं. बता दें कि आईसीसी मेंस टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब उनसे पहले कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं जीत सका था.

बुमराह अवार्ड जीतने वाले पांचवें भारतीय बनें

राहुल द्रविड़ (2004), सचिन तेंदुलकर (2010), रविचंद्रन अश्विन (2016) और विराट कोहली (2017, 2018) के बाद यह पुरस्कार जीतने वाले बुमराह पांचवें भारतीय हैं. बुमराह की बात करें तो साल 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेंटों को मिलाकर उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं.

टी-20 वर्ल्ड कप में लिए 15 विकेट
जसप्रीत बुमराह की बात करें तो उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप में 8.26 की औसत से 15 विकेट लिए. उनकी धारधार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.  उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. अवार्ड मिलने के बाद बुमराह ने कहा "मैं सर गारफील्ड सोबर्स मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार जीतकर बहुत खुश हूं. पिछला साल वाकई यादगार रहा, खासकर बारबाडोस में टी20 विश्व कप जीतना. यह हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा. जब मैं युवा था, तो मैंने अपने कई नायकों को आईसीसी पुरस्कार जीतते देखा। मुझे यह पुरस्कार पाकर बहुत खुशी हो रही है."