T20 World Cup 2026

इटली की ऐतिहासिक जीत, दो भाइयों ने नेपाल को हराकर रचा इतिहास; 'क्रिकेट के भगवान' भी हुए मुरीद

इटली की इस ऐतिहासिक जीत पर क्रिकेट जगत से भी सराहना मिली. क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने बधाई देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है.

@DDTamilNews
Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिला, जहां इटली ने पहली बार इस टूर्नामेंट में जीत दर्ज की. मैच नंबर-17 में इटली का सामना नेपाल से हुआ. यह मुकाबला 12 फरवरी, गुरुवार को मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया.

इस मैच में इटली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी और टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी पहली जीत हासिल की.

सचिन तेंदुलकर ने दी बधाई

इटली की इस ऐतिहासिक जीत पर क्रिकेट जगत से भी सराहना मिली. क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी इटली को बधाई देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि एक फुटबॉल के लिए मशहूर देश अब क्रिकेट में भी अपनी पहचान बना रहा है. 

सस्ते में सिमटी नेपाली की टीम

नेपाल की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 19.3 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. नेपाल के बल्लेबाज इटली के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाए. टीम की ओर से आरिफ शेख ने सबसे अधिक 27 रन बनाए. कप्तान रोहित पौडेल ने 23 रन, आसिफ शेख ने 20 रन और करण केसी ने नाबाद 18 रन का योगदान दिया. हालांकि, कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा.ॉ

क्रिसन की घातक गेंदबाजी

इटली की गेंदबाजी की बात करें, तो क्रिसन कलुगामागे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके. इसके अलावा बेन मैनेंटी ने दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत सिंह, जेजे स्मट्स और अली हसन को एक-एक सफलता मिली. इटली के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नेपाल को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया.

इटली की ऐतिहासिक जीत

124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम ने बेहद आसान अंदाज में जीत हासिल की. इटली के लिए सलामी बल्लेबाज और सगे भाई एंथोनी मोस्का और जस्टिन मोस्का ने शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने शुरुआत से ही नेपाली गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और किसी भी गेंदबाज को मैच में लौटने का मौका नहीं दिया.

एंथोनी मोस्का ने 29 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें छह छक्के और तीन चौके शामिल थे. वहीं, जस्टिन मोस्का ने 38 गेंदों में नाबाद 51 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए. इटली ने यह लक्ष्य सिर्फ 12.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया.

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पहली जीत

इस जीत के साथ इटली ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना खाता खोला. इससे पहले उन्हें अपने पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ 73 रनों से हार झेलनी पड़ी थी.

श्रीलंका ने ओमान को हराया

वहीं, ग्रुप-बी के एक अन्य मुकाबले में श्रीलंका ने ओमान के खिलाफ दमदार जीत दर्ज की. पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए. जवाब में ओमान की टीम 120 रन ही बना सकी और 105 रनों से मुकाबला हार गई. यह जीत रनों के अंतर के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत रही, जबकि श्रीलंका का स्कोर भी इस टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर बन गया.