T20 World Cup 2026

IPL 2025: प्लेऑफ वेन्यू और अतिरिक्त समय में बड़े बदलाव, भड़की केकेआर, BCCI से जताई नारजगी

अब लीग स्टेज के बचे हुए मुकाबलों में 60 मिनट के बजाय 120 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. यह नियम पहले केवल प्लेऑफ मुकाबलों के लिए लागू था, लेकिन अब इसे मौजूदा सीजन के शेष लीग मैचों पर भी लागू कर दिया गया है. हालांकि, इस अचानक बदलाव से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने नाराजगी जताई है.

Social Media
Gyanendra Sharma

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड  ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के लिए कई अहम बदलावों की घोषणा की है. 20 मई 2025 को बीसीसीआई ने न केवल प्लेऑफ और कुछ लीग मुकाबलों के वेन्यू में बदलाव किया, बल्कि मौसम की अनिश्चितता को ध्यान में रखते हुए मैच पूरे करने के लिए अतिरिक्त समय को भी बढ़ा दिया.

अब लीग स्टेज के बचे हुए मुकाबलों में 60 मिनट के बजाय 120 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. यह नियम पहले केवल प्लेऑफ मुकाबलों के लिए लागू था, लेकिन अब इसे मौजूदा सीजन के शेष लीग मैचों पर भी लागू कर दिया गया है. हालांकि, इस अचानक बदलाव से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने नाराजगी जताई है और बीसीसीआई को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज की है.

बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 के शेड्यूल में संशोधन करते हुए 17 मई से टूर्नामेंट को फिर से शुरू किया, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और केकेआर के बीच मुकाबला पहला मैच था. बोर्ड ने सुरक्षा और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बचे हुए 17 लीग मैचों को छह शहरों बेंगलुरु, जयपुर, दिल्ली, लखनऊ, अहमदाबाद और मुंबई में आयोजित करने का फैसला किया. इसके अलावा, प्लेऑफ के वेन्यू में भी बदलाव की संभावना है. खबरों के मुताबिक, फाइनल 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो सकता है, जबकि मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम एक प्लेऑफ मुकाबले की मेजबानी करेगा. कोलकाता, जो पहले फाइनल की मेजबानी के लिए दावेदार था, अब बारिश के पूर्वानुमान के कारण इस दौड़ से बाहर हो सकता है.

अतिरिक्त समय को 60 मिनट से बढ़ाकर 120 मिनट

सबसे बड़ा बदलाव अतिरिक्त समय को लेकर है. बीसीसीआई ने मौसम की अनिश्चितताओं, खासकर बारिश से प्रभावित होने वाले मैचों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय को 60 मिनट से बढ़ाकर 120 मिनट कर दिया. यह नियम 20 मई से लागू हो गया है और अब लीग स्टेज के सभी बचे हुए मुकाबलों पर लागू होगा. इस बदलाव का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के कारण मैच रद्द न हों और कम से कम 5 ओवर का खेल हो सके, जिससे परिणाम निकाला जा सके.

केकेआर की नाराजगी 

इस अचानक नियम बदलाव से कोलकाता नाइट राइडर्स ने कड़ा ऐतराज जताया है. फ्रेंचाइजी का मानना है कि अगर यह नियम पहले लागू किया गया होता, तो 17 मई को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ उनका महत्वपूर्ण मैच बारिश की भेंट न चढ़ता. उस मैच के रद्द होने से केकेआर को केवल एक अंक मिला, जिसके परिणामस्वरूप वे 12 अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गए. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, केकेआर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) वेंकी मैसूर ने आईपीएल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हेमंग अमीन को एक ईमेल भेजकर अपनी नाराजगी जाहिर की है.