Valentine Day 2026

टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10 जीत हासिल कर भारत ने रचा इतिहास, नामीबिया को 93 रनों से रौंदा

भारत ने टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया को 93 रनों से हराकर इतिहास रच दिया. भारतीय टीम लगातार 10 मैच जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. ईशान किशन और हार्दिक पंड्या की पारियों के दम पर टीम ने 209 रन बनाए. वहीं नामीबिया 116 पर ही ढेर हो गई.

@CricCrazyJohns
Kuldeep Sharma

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम का जलवा बरकरार है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने अब तक दो मैच खेले और दोनों में शानदार जीत हासिल की. अमेरिका के खिलाफ 32 रनों की जीत के बाद नामीबिया को 93 रनों से रौंद दिया. इस जीत के साथ भारत ने एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब सबकी नजरें 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं, जो कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. 

लगातार 10 जीत का अनोखा रिकॉर्ड

नामीबिया के खिलाफ मिली जीत भारत की टी20 विश्व कप में लगातार 10वीं जीत थी. 2024 से 2026 तक विश्व कप में टीम इंडिया ने एक भी मैच नहीं गंवाया. इस तरह भारत पहला देश बन गया, जिसने टी20 विश्व कप में लगातार 10 मैच जीते. पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जिन्होंने 8-8 मैच जीते थे.  

भारत के नाम सबसे लंबी जीतों की सूची

टी20 विश्व कप में लगातार सबसे ज्यादा जीत वाली टीमों की सूची में भारत अब सबसे ऊपर है. भारत- 10* (2024-2026), साउथ अफ्रीका- 8 (2024), ऑस्ट्रेलिया- 8 (2022-2024), इंग्लैंड- 7 (2010-2012), भारत- 7 (2012-2014). यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का विषय है.

209 रनों का मजबूत स्कोर

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए. ईशान किशन ने 61 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने 52 रनों की तेजतर्रार इनिंग खेल टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. 

नामीबिया का संघर्ष और भारतीय गेंदबाजों का धमाल

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट चटकाए. अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट मिला. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर जीत को आसान बनाया.