IND vs ENG Test: 5 मैचों में 712 रन, यशस्वी ने बनाए यह 11 दमदार रिकार्ड, जिन पर यकीन करना मुश्किल
IND vs ENG Test series, Yashasvi Jaiswal: 22 साल के यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में बल्ले से तबाही मचाई. उन्होंने 11 खास रिकार्ड बनाए हैं.
IND vs ENG Test series, Yashasvi Jaiswal: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म हो गई है. टीम इंडिया ने 4-1 से इस सीरीज में इंग्लैंड को मात दी. इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया के लिए सबसे बड़े हीरो 22 साल के यशस्वी जायसवाल रहे, जिन्होंने बल्ले से कमाल किया और रिकार्ड की झड़ी लगा दी. इस सीरीज में जायसवाल ने 9 पारियों में 712 रन बनाए. उनके बल्ले से 2 दोहरे शतक भी निकले. खास बात ये है कि इस सीरीज में यशस्वी ने छक्कों की बौछार की और रिकार्ड्स की झड़ी लगा दी. वे प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने हैं.
नीचे जानिए यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार रिकार्ड, जो उन्होंने इस सीरीज में अपने नाम किए हैं.
1. इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
5 मैचों की इस सीरीज में यशस्वी ने 712 रन बनाए. वे एक सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बैटर बने हैं. इस मामले में विराट कोहली को पछाड़ा, जिन्होंने साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर एक टेस्ट सीरीज में 655 रन बनाए थे.
2. सबसे कम पारियों में एक हजार रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बैटर
यशस्वी जायसवाल कम पारियों में 1000 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं. 16वीं पारी में उन्होंने ये कमाल किया. इस मामले में पहले नंबर पर विनोद कांबली हैं, जिन्होंने 14 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे.
3. सबसे कम मैचों में 1 हजार टेस्ट रन
यशस्वी जायसवाल सबसे कम 9 मैचों में 1 हजार टेस्ट रन पूरे करने वाले बैटर बने हैं. इस मामले में उन्होंने चेतेश्वर पुजारा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 11 मैचों में 1000 रन पूरे किए थे.
4. एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज
यशस्वी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 5 मैचों 9 पारियों में कुल 712 रन रन बनाए और सौरव गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने साल 2007 में घरेलू मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 534 रन बनाए थे.
5. एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बैटर
यशस्वी अभ एक टेस्ट सीरीज में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे आगे सिर्फ पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने साल 1971 में वेस्टइंडीज दौरे पर 4 मैचों की 8 पारियों में 774 रन बनाए थे. जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ 712 रन बनाए हैं.
6. एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के
यशस्वी ने 5 मैचों की 9 पारियों में 26 सिक्स लगाए. वे एक सीरीज में सबसे ज्यादा सिक्स जमाने वाले बैटर बने हैं. उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में 19 छक्के लगाए थे.
7. एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बैटर
जायसवाल ने इंराजकोट टेस्ट में 214* रनों की नाबाद पारी के दौरान 12 छक्के लगाए थे. वे एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स जमाने वाले पहले भारतीय बैटर हैं. इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के वसीम अकरम की बराबरी की थी, जिन्होंने 1996 में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ शेखपुरा में 257 रनों की पारी के दौरान 12 छक्के लगाए थे.
8. शतक को 150 प्लस में बदलने वाले पहले बैटर
साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले यशस्वी ने करियर में अब तक टेस्ट 3 शतक जमाए हैं. इन तीनों सेंचुरी को उन्होंने 150 प्लस रन में तब्दील किया है. वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनकी 3 शतकीय पारियां क्रमशः 171, 209 और 214* रनों की रही हैं.
9. 2 दोहरे शतक जमाने वाले पहले बैटर
यशस्वी ने इस टेस्ट सीरीज में 2 दोहरे शतक जड़े. वे इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गे हैं. उनके अलावा कोई भी बैटर ये कमाल नहीं कर पाया था.
10. ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बैटर
यशस्वी जायसवाल किसी एक टेस्ट सीरीज में 2 दोहरा शतक जमाने वाले तीसरे भारतीय बैटर हैं. उनसे पहले वीनू मांकड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ 1955 में और विराट कोहली 2017 में श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा कर चुके हैं.
11. लगातार 2 मैचों में दोहरा शतक
यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के लगातार दो टेस्ट मैचों में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले विनोद कांबली 1993 में क्रमशः इंग्लैंड और ज़िम्बाब्वे के खिलाफ लगातार 2 मैचों में एवं विराट कोहली 2017 में श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज के लगातार दो मैचों में यह कारनामा किया था.