IND A vs SL A: इंडिया ए को लगा 10 रन का झटका, टीम पर भारी पड़ी ये गलती; श्रीलंका ए की बल्ले-बल्ले
ऑलराउंडर खिलाड़ी के नियम उल्लंघन की वजह से इंडिया ए को 10 रन की भारी पेनल्टी झेलनी पड़ी. यह दुर्लभ घटना मैदान पर मौजूद दर्शकों के साथ साथ कमेंटेटरों को भी हैरान कर गई.
नई दिल्ली: क्रिकेट में अक्सर बल्लेबाज अपने शानदार शॉट्स या रिकॉर्ड्स के लिए सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन दांबुला में खेले गए भारत ए और श्रीलंका ए के मुकाबले में एक युवा खिलाड़ी अपनी अनोखी गलती की वजह से चर्चा का विषय बन गया. गलती ऐसी जिसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ा.
ऑलराउंडर खिलाड़ी के नियम उल्लंघन की वजह से इंडिया ए को 10 रन की भारी पेनल्टी झेलनी पड़ी. यह दुर्लभ घटना मैदान पर मौजूद दर्शकों के साथ साथ कमेंटेटरों को भी हैरान कर गई.
इंडिया ए को इस कारण लगी पेनल्टी
दरअसल जिस खिलाड़ी के कारण भारत की ए टीम को पेनल्टी लगा वह कोई और नहीं बल्कि ऑलराउंडर विप्रज निगम थे. ट्राई सीरीज के इस मुकाबले में विप्रज निगम ने दो बार पिच के संरक्षित क्षेत्र (Protected Area) में दौड़कर नियम तोड़ा.
Also Read
- FIFA World Cup: जर्मनी ने रचा इतिहास, कुराकाओ को 7-1 से रौंदकर बनाया विश्व कप का नया गोल रिकॉर्ड
- 'सीनियरों ने छोड़े कैच, बल्लेबाज रहे फ्लॉप...', भारत से शर्मनाक हार के बाद फूटा पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना का गुस्सा
- हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ टी20 वर्ल्ड कप में बनीं भारत की नंबर-1 क्वीन
इसके चलते अंपायरों ने दो अलग-अलगग मौकों पर पांच-पांच रन की पेनल्टी लगाई. नतीजा यह रहा कि श्रीलंका ए की टीम ने अपनी पारी बिना कोई गेंद खेले ही 10 रन के स्कोर से शुरू की.
कैसे हुई गलती?
मामले की शुरुआत तब हुई जब भारत ए के बल्लेबाजों को पिच के प्रोटेक्टेड एरिया में दौड़ने को लेकर चेतावनी दी गई थी. पहले अनुकुल रॉय को इस नियम के तहत आधिकारिक चेतावनी मिली. इसके बाद विप्रज निगम ने भी वही गलती दोहराई, जिसके कारण पहली बार पांच रन का जुर्माना लगाया गया.
हालांकि मामला यहीं नहीं रुका. भारत ए की पारी के 37वें ओवर में विप्रज ने एक रन लेने का प्रयास किया, लेकिन साथी बल्लेबाज ने उन्हें वापस लौटा दिया. वापसी के दौरान वह फिर से सीधे पिच के संरक्षित क्षेत्र पर दौड़ गए. यह पारी का दूसरा उल्लंघन था, जिसके बाद अंपायरों ने दोबारा पांच रन की पेनल्टी दे दी.
क्या कहते हैं नियम?
MCC के नियम 41.14 के अनुसार बल्लेबाज को पिच के संरक्षित हिस्से को नुकसान पहुंचाने या वहां अनावश्यक रूप से दौड़ने की अनुमति नहीं होती. पहली बार नियम टूटने पर चेतावनी दी जाती है, लेकिन दोबारा इसका उल्लंघन होने पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन दिए जाते हैं. विप्रज निगम की इस गलती का सीधा फायदा श्रीलंका ए को मिला, जिन्हें अतिरिक्त 10 रन मिले.