फर्जी चोट का ड्रामा पड़ा भारी... इमाम उल हक पर लग सकता है 2 साल का बैन! मोहम्मद रिजवान का करियर खत्म?
इंग्लैंड दौरे पर इमाम-उल-हक की चोट को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट में विवाद बढ़ गया है। PCB ने जांच समिति बनाई है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में इंग्लैंड दौरे के बीच नया विवाद सामने आया है. इमाम-उल-हक पर लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान चोट का बहाना बनाने के आरोप लगे हैं. PCB ने मामले की जांच के लिए समिति बनाई है. वहीं मोहम्मद रिजवान के भविष्य को लेकर भी टीम में सवाल उठ रहे हैं.
PCB ने शुरू कराई जांच
लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान इमाम-उल-हक मैच के पहले दिन दूसरे सत्र के बाद मैदान से बाहर चले गए थे. इसके बाद पिंडली की चोट बताकर उन्होंने दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं की. इससे उनकी फिटनेस और टीम के प्रति जिम्मेदारी पर सवाल उठे. रिपोर्टों के मुताबिक PCB को चोट को लेकर संदेह है और इसी वजह से उच्च स्तरीय जांच समिति बनाई गई है. अगर जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो इमाम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है, जिसमें दो साल का प्रतिबंध भी शामिल बताया जा रहा है.
टीम से भी हुए बाहर
इमाम पहले भी चोट को लेकर सवालों के घेरे में आ चुके हैं. मार्च 2025 में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान नेट अभ्यास में उनके दाहिने पैर के अंगूठे में चोट लगी थी. PCB से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उस समय उन्होंने दर्द को लेकर मेडिकल टीम के सामने स्थिति को ज्यादा गंभीर बताया था. हालांकि, इन पुराने आरोपों की पूरी स्थिति जांच का हिस्सा है. इंग्लैंड में तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान ने सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया, जिनमें इमाम भी शामिल हैं. इसके बाद वह पाकिस्तान लौट चुके हैं.
Also Read
रिजवान पर भी संकट
मोहम्मद रिजवान को लेकर भी पाकिस्तान क्रिकेट में स्थिति अच्छी नहीं बताई जा रही है. हाल के मैचों में उनके शॉट चयन और प्रदर्शन की आलोचना हुई है. रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि उनके अनुशासन और फॉर्म को लेकर टीम प्रबंधन चिंतित है. हालांकि, उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के पूरी तरह खत्म होने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. फिलहाल इमाम के मामले में जांच समिति की रिपोर्ट और रिजवान को लेकर चयनकर्ताओं का अगला फैसला अहम होगा. पाकिस्तान टीम के इंग्लैंड दौरे के बीच फॉर्म और अनुशासन दोनों बड़े मुद्दे बने हुए हैं.