'तुम पर भरोसा है, तुम हमारे मैच लिए जीतोगे...', दिल्ली के गेंदबाज को गौतम गंभीर ने दिलाया मौका!
हर्षित राणा ने कहा कि अगर खेल के प्रति मेरा नजरिया बदला है, तो इसका बहुत कुछ श्रेय केकेआर ड्रेसिंग रूम में गौती भैया की मौजूदगी को जाता है और उन्होंने मेरी मानसिकता को कैसे बदला. 2022 में राणा ने अपने करियर की शुरुआत शानदार तरीके से की, दिल्ली के लिए सात रणजी ट्रॉफी मैच खेले और 28 विकेट लिए. हालांकि, चोट के चलते टीम से अंदर बाहर होते रहे.
श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. टी20 और वनडे दोनों टीमों का ऐलान बीसीसीआई ने किया. टी20 का कप्तान सूर्यकुमार यादव को बनाया गया है. रोहित शर्मा वनडे के कप्तान बने रहेंगे. टी20 वर्ल्ड के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली आराम करना चाहते थे, लेकिन गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद दोनों लंका में वनडे सीरीज खेलेंगे. वहीं युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को पहली बार पचास ओवर के लिए टीम में शामिल किया गया है.
हर्षित राणा को जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. अब वह वनडे में रोहित और कोहली के साथ खेलेंगे और पीटीआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर में आए बदलाव का श्रेय मुख्य कोच गौतम गंभीर को दिया. राणा आईपीएल में केकेआर के हिस्सा थे. इस साल आईपीएल में अपने प्रदर्शन से ध्यान खिंचा. उनके 19 विकेटों ने कोलकाता नाइट राइडर्स के विजयी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, गंभीर टीम के मेंटर थे.
खेल के प्रति मेरा नजरिया बदला
हर्षित राणा ने कहा कि अगर खेल के प्रति मेरा नजरिया बदला है, तो इसका बहुत कुछ श्रेय केकेआर ड्रेसिंग रूम में गौती भैया की मौजूदगी को जाता है और उन्होंने मेरी मानसिकता को कैसे बदला. शीर्ष स्तर पर, आपको कौशल की आवश्यकता होती है, लेकिन कौशल से ज़्यादा आपको दबाव को संभालने के लिए दिल की जरूरत होती है. राणा ने भारत के नए मुख्य कोच के साथ अपनी बातचीत को याद करते हुए कहा, गौती भैया हमेशा मुझसे कहते थे मेरे को तेरे पे भरोसा है. तू मैच जीत कर आएगा.
2022 में राणा ने अपने करियर की शुरुआत शानदार तरीके से की, दिल्ली के लिए सात रणजी ट्रॉफी मैच खेले और 28 विकेट लिए. हालांकि, चोट के चलते टीम से अंदर बाहर होते रहे. विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए 14 खेलों में 22 विकेट और 25 टी20 मैचों में 28 विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया.
गंभीर की सलाह से बदली चीजें
राणा ने कहा, अगर आप दबाव के बारे में पूछें तो यह गौतम गंभीर की सलाह है. वह कहते थे, सबसे बुरी चीज क्या होगी? आपको चोट लगेगी और हम मैच हार सकते हैं. लेकिन अगर आप अपने डर का सामना नहीं करेंगे तो आप उनसे कैसे निपटेंगे? हमेशा एक नया दिन होगा, नया मैच होगा और चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी. आप इसी के लिए प्रशिक्षण लेते हैं.
सीनियर खिलाड़ियों की वापसी
गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज की भी वनडे टीम में वापसी हुई है, जबकि स्पिन की कमान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव संभालेंगे. इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर को भी वनडे टीम में जगह मिली है, क्योंकि रवींद्र जडेजा को टीम में जगह नहीं मिली है. रोहित और कोहली के अलावा, केएल राहुल ने ऋषभ पंत के साथ वापसी की है. श्रेयस अय्यर की लंबे समय के बाद टीम में वापसी हुई है.