मैदान पर उतरते ही हिटमैन ने रचा इतिहास, तोड़ा मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना महान रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में मैदान पर उतरते ही नया इतिहास रच दिया.

ANI
Ashutosh Rai

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है. धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में उन्होंने ऐसा कीर्तिमान बनाया, जिसने भारतीय क्रिकेट इतिहास में उनका नाम एक बार फिर खास बना दिया.

सबसे उम्रदराज भारतीय पुरुष वनडे खिलाड़ी बने रोहित

अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही रोहित शर्मा मैदान पर उतरे, उन्होंने भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के लिए सबसे अधिक उम्र में वनडे खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. रोहित ने 39 साल और 75 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की. इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ के नाम था. अमरनाथ ने साल 1989 में 39 साल और 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था. रोहित का यह रिकॉर्ड उनके लंबे और सफल करियर की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

झूलन गोस्वामी अब भी सबसे आगे

हालांकि, भारत की ओर से सबसे अधिक उम्र में वनडे खेलने का रिकॉर्ड अभी भी पूर्व महिला तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम दर्ज है. झूलन ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मुकाबला 39 साल और 303 दिन की उम्र में खेला था. इसके बावजूद रोहित शर्मा का यह रिकॉर्ड पुरुष क्रिकेट में खास महत्व रखता है. अभी तक कोई भी भारतीय पुरुष खिलाड़ी 40 साल की उम्र के बाद वनडे क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाया है.