पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने चिंता जताई है. 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र भेजकर इमरान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है. इस पत्र पर भारत के सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर के साथ कई पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं. यह इमरान के मानवीय व्यवहार और बेहतर इलाज को लेकर पूर्व क्रिकेटरों की दूसरी ऐसी अपील है.
पूर्व कप्तानों ने इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी कम होने की खबर पर गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने पाकिस्तान सरकार से सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड को स्वतंत्र रूप से उनकी जांच पूरी करने देने की मांग की है. इस बोर्ड में इमरान के निजी चिकित्सकों को भी शामिल किया गया है. पत्र में कहा गया है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति का निष्पक्ष आकलन जरूरी है, ताकि किसी भी गंभीर समस्या का समय रहते इलाज किया जा सके.
पत्र में इमरान खान के परिवार को हर सप्ताह मिलने की सुविधा बिना किसी बाधा के जारी रखने की मांग भी की गई है. पूर्व कप्तानों ने कहा कि चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टर जिस उपचार की सलाह दें, उसे जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पाकिस्तान की न्यायिक प्रक्रिया में दखल देना नहीं है. उनके अनुसार अदालत के निर्देशों के तहत चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करना मानवीय जिम्मेदारी का विषय है.
इस पहल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल की ओर से की गई है. इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की ओर से यह दूसरा पत्र बताया गया है. पत्र पर भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और अन्य देशों के पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं. सभी ने इमरान के इलाज और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देने की अपील की है.
पत्र पर सुनील गावस्कर, कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर, एलन बॉर्डर, माइकल एथर्टन, माइकल ब्रियरली, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टर कुक, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, अर्जुना रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, स्टीफन वॉ और जॉन राइट समेत 21 पूर्व कप्तानों के हस्ताक्षर हैं. इमरान ने 1992 में पाकिस्तान को पहली बार क्रिकेट विश्व कप जिताया था.