IND vs ENG: डेब्यू मैच के बाद किया बाहर तो पेस एक्सप्रेस की हुई वापसी, ऐसी है राजकोट टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11

IND vs ENG: राजकोट में खेले जाने वाले भारत और इंग्लैंड टेस्ट मैच को लेकर मेहमान टीम ने अपने प्लेइंग 11 का ऐलान कर दिया है. प्लेइंग में टीम ने कुछ जरूरी बदलाव भी किए हैं.

India Daily Live

IND vs ENG 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का तीसरा मैच राजकोट में 15 फरवरी से खेला जाएगा. जिसके लिए मेहमान टीम इंग्लैंड ने अपने प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है.  बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम ने अपने प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव किया है. वहीं इस मैच के लिए भारत के प्लेइंग इलेवन का ऐलान होना बाकी है.

100 टेस्ट खेलेंगे कप्तान स्टोक्स

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से टीम की प्लेइंग इलेवन की जानकारी साझा की गई है. बोर्ड ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत के खिलाफ राजकोट टेस्ट में होने वाले मुकाबले को लेकर तेज गेंदबाज मार्क वुड को मौका दिया गया है. मार्क वुड की वापसी के साथ ही टीम की ओर से स्पिनर शोएब बशीर को आराम दे दिया गया है. हालांकि बशीर को टीम से क्यों बाहर किया गया है इसको लेकर बोर्ड ने कोई भी जानकारी साझा नहीं की है. इससे साथ ही इंग्लैंड क्रिकेट की ओर से ये भी बताया है कि कप्तान बेन स्टोक्स राजकोट में अपने टेस्ट करियर का 100वां मैच खेलेंगे. 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मार्क वुड 

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड पर कप्तान बेन स्टोक्स ने एक बार फिर विश्वास जताया है. मार्क ने अभी तक इंग्लैंड के लिए 32 टेस्ट मैचों में 104 विकेट झटके हैं. इस दौरान वुड 4 बार पांच या इससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं. इसके साथ ही वुड ने टेस्ट फॉर्मेट में अपने बल्ले से कमाल करते हुए अर्धशतक भी लगाया है. उनके बल्ले से अबतक कुल 735 रन निकले हैं. वहीं वनडे में वुड ने 66 मैचों में 77 विकेट लिया हैं. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में भी अच्छा परफॉर्म किया है.

मार्क वुड टीम इंडिया के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे. लेकिन वो इस मुकाबले में एक भी विकेट नहीं प्राप्त कर पाए थे. इसके बाद उन्हें विशाखापट्टनम टेस्ट के लिए मौका नहीं दिया गया था. अब उनकी प्लेइंग इलेवन में एक बार फिर वापसी हुई है.