'हमें उन पर दलीप ट्रॉफी में खेलने का दबाव', जय शाह ने बताया आखिर क्यों नहीं खेल रहे रोहित-विराट
Duleep Trophy 2024: दलीप ट्रॉफी में रोहित शर्मा और विराट कोहली नहीं खेल रहे हैं. इसके पीछे की वजह का खुलासा बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कर दिया है. उन्होंने बताया कि 'हमारी प्राथमिकता है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए फिट हों.'
Duleep Trophy 2024: दलीप ट्रॉफी 2024 का मंच तैयार है. बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी चारों टीमों का स्क्वाड भी जारी कर दिया है. रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर कहा जा रहा था कि दोनों दिग्गज इस टूर्नामेंट में नजर आएंगे, लेकिन स्क्वाड में दोनों का नाम नहीं था. इसे लेकर बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बयान दिया. शाह ने कहा रोहित शर्मा और कोहली स्थापित खिलाड़ी हैं. इसलिए उनके कार्यभार का प्रबंधन करना बोर्ड की जिम्मेदारी है.
जय शाह ने अपने बयान में कहा 'हमें रोहित और विराट जैसे खिलाड़ियों पर दलीप ट्रॉफी में खेलने का दबाव नहीं डालना चाहिए. इससे उनके चोटिल होने का खतरा रहेगा. अगर आपने गौर किया हो तो ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में हर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट नहीं खेलता. हमें खिलाड़ियों के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए.'
जय शाह ने कहा कि दलीप ट्रॉफी में लोकल और नेशनल हर खिलाड़ी खेल रहा है. आपको इसकी सराहना करनी चाहिए. यह ध्यान रखना चाहिए कि ईशान किशन और श्रेयस अय्यर बुची बाबू टूर्नामेंट में खेल रहे हैं, जबकि दलीप ट्रॉफी उभरती प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट बना हुआ है.
22 सितंबर तक चलेगा टूर्नामेंट
दलीप ट्रॉफी का आगाज 5 सितंबर से होगा, जिसका फाइनल मैच 22 सितंबर को होना है. इसमें कुल 4 टीमें इंडिया ए, इंडिया बी, इंडिया सी और इंडिया डी शामिल हैं. इन सभी टीमों में खिलाड़ियों को डिवाइड कर दिया गया है. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे.
दलीप ट्रॉफी की सभी टीमों के कप्तान
शुभमन गिल, अभिमन्यू ईश्वरन, रुतुराज गायकवाड़ और श्रेयस अय्यर क्रमश: इंडिया ए, इंडिया बी, इंडिया सी और इंडिया डी की कप्तानी करेंगे. माना जा रहा है कि दलीप ट्रॉफी खेल रहे जिन खिलाड़ियों को बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से शुरू होने जा रही घरेलू टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुना जाएगा, उनकी जगह रिप्लेसमेंट का ऐलान होगा.