IPL 2026 US Israel Iran War

दिल्ली पुलिस की सुपरवुमन, 7 महीने की प्रेग्नेंसी में वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 145 किलो वजन, जीता ब्रॉन्ज मेडल

दिल्ली पुलिस की कांस्टेबल सोनिका यादव ने सात महीने की गर्भवती होने के बावजूद वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर सबको हैरान कर दिया.

Social Media
Gyanendra Sharma

नई दिल्ली: कहते हैं न अगर मन में ठान ली जाए तो कुछ भी नामुमकिन नहीं. दिल्ली पुलिस की एक कॉन्स्टेबल ने इसे सच साबित कर दिखाया है. सात महीने की गर्भवती होने के बाद भी उसने एक वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और 145 किलोग्राम वजन उठाकर सबको चौंका दिया. जब दिल्ली पुलिस की कॉन्स्टेबल सोनिका यादव आंध्र प्रदेश में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2025-26 के मंच पर उतरीं, तो किसी ने सोचा भी नहीं था कि वह इतिहास रच देंगी.

लोगों को लगा कि सोनिका ने ज़्यादा वजन उठाने के लिए अपनी कैटेगरी बदल ली है. लेकिन जब उन्होंने 145 किलो का डेडलिफ्ट किया, तो सब हैरत में पड़ गए. सोनिका सात महीने की गर्भवती है. मई में जब उसे पता चला कि वह माँ बनने वाली है, तो उसके पति ने सोचा था कि शायद वह जिम जाना और ट्रेनिंग करना बंद कर देगी. लेकिन सोनिका ने मन बना लिया था कि वह ऐसा नहीं करेगी.

सोनिका ने गर्भावस्था में कैसे की ट्रेनिंग? 

सोनिका ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्भावस्था के दौरान भी वेटलिफ्टिंग जारी रखा. उन्होंने कहा कि इसी साहस की बदौलत उन्हें चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने में मदद मिली. प्रतियोगिता में उन्होंने स्क्वैट्स में 125 किलोग्राम बेंच प्रेस में 80 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 145 किलोग्राम वजन उठाया.

सोनिका ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन खोजबीन की और पाया कि लूसी मार्टिंस नाम की एक महिला ने अपनी गर्भावस्था के दौरान कुछ ऐसा ही किया था. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लूसी से संपर्क भी किया और उनसे ट्रेनिंग के टिप्स भी लिए. शुरुआत में किसी को पता ही नहीं चला कि सोनिका गर्भवती है. वह ढीले कपड़े पहनती थी और जब बेंच प्रेस के बाद उसके पति ने उसे उठाने में मदद की तब भी किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा. दूसरी टीमों की महिला पुलिस अधिकारी उसे बधाई देने आईं और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं.

सोनिका 2014 बैच की कांस्टेबल

सोनिका 2014 बैच की कांस्टेबल हैं और वर्तमान में कम्युनिटी पुलिसिंग सेल में तैनात हैं. इससे पहले, वह मजनू का टीला इलाके में बीट ऑफिसर के रूप में कार्यरत थीं, जहां उन्होंने नशे के खिलाफ सराहनीय काम किया था. 2022 में दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने उन्हें सम्मानित किया था और महिला दिवस पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी उनकी उपलब्धियों को मान्यता दी थी. उनके पति अंकुर बाना निजी क्षेत्र में काम करते हैं. सोनिका ने बताया कि उन्होंने हर कदम पर अपने डॉक्टर से सलाह ली ताकि कोई जोखिम न हो.