T20 World Cup 2026

अर्शदीप ने T20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में पूरे किए 250 शिकार, क्रिस्टियानो रोनाल्डो का आइकॉनिक सेलिब्रेशन भी किया

अर्शदीप सिंह ने T20 क्रिकेट में अपने 250 विकेट पूरे कर लिए हैं. नामीबिया के खिलाफ जैसे ही अर्शदीप ने ओपनर जान फ्राइलिंक को पवेलियन की राह दिखाई, वैसे ही वे इस खास एलीट क्लब में शामिल हो गए.

X
Ashutosh Rai

T20 वर्ल्ड कप 2026: अपनी कातिलाना स्विंग और सटीक यॉर्कर्स के लिए मशहूर टीम इंडिया के लेफ्टी पेसर अर्शदीप सिंह ने एक और बड़ा धमाका कर दिया है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे 2026 ICC T20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में अर्शदीप ने T20 क्रिकेट में अपने 250 विकेट पूरे कर लिए हैं. नामीबिया के खिलाफ जैसे ही अर्शदीप ने ओपनर जान फ्राइलिंक को पवेलियन की राह दिखाई, वैसे ही वे इस खास एलीट क्लब में शामिल हो गए. यह सिर्फ एक विकेट नहीं, बल्कि भारतीय गेंदबाजी के उस भरोसे की जीत है, जिसे अर्शदीप ने पिछले कुछ सालों में कमाया है.

188 मैच और तबाही

अर्शदीप का करियर ग्राफ किसी रॉकेट से कम नहीं है. उन्होंने अपने 188वें T20 मैच में यह जादुई आंकड़ा छुआ है. 22 से कम का औसत और अहम मौकों पर विकेट चटकाने की आदत उन्हें बाकियों से अलग बनाती है. उनके खाते में अब 5 फोर-विकेट हॉल और 2 फाइवर्स शामिल हैं. यह बताते हैं कि जब वे लय में होते हैं, तो विरोधी टीम का बचना नामुमकिन होता है.

T20I के किंग हैं अर्शदीप

देश के लिए खेलने की आती है, तो अर्शदीप का कद और बड़ा हो जाता है। वे पहले ही T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. फुल मेंबर देशों में तीसरे सबसे तेज 100 T20I विकेट लेने वाले इस स्पीडस्टर ने अब तक 78 मैचों में 120 से ज्यादा शिकार किए हैं.

वर्ल्ड कप के हीरो

अर्शदीप और T20 वर्ल्ड कप का रिश्ता बेहद खास है. 2024 में भारत को चैंपियन बनाने में उनके 17 विकेटों का अहम योगदान था. अब 2026 में भी उनकी धार कम नहीं हुई है. नामीबिया के खिलाफ इस विकेट के साथ उन्होंने T20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपने 30 विकेट भी पूरे कर लिए हैं.

IPL में भी शतक के करीब

पंजाब किंग्स (PBKS) का यह शेर IPL में भी दहाड़ता है. 2019 में डेब्यू के बाद से अब तक 82 मैचों में 96 विकेट ले चुके अर्शदीप जल्द ही वहां भी विकेटों का शतक पूरा करने वाले हैं.