T20 World Cup 2026

विराट कोहली फ्लॉप, तो पुजारा-रहाणे शतक से चूके, जानें कैसा रहा स्टार खिलाड़ियों का रणजी ट्रॉफी में प्रदर्शन

Ajinkya Rahane-Cheteshwar Pujara: रणजी ट्रॉफी में अजिंक्य रहाणे ने अच्छी पारी खेली लेकिन वे 96 रनों पर ऑउट हो गए. तो वहीं पुजारा 99 रन पर ऑउट हुए और वे अपना शतक पूरा नहीं कर सके.

Praveen Kumar Mishra

Ajinkya Rahane-Cheteshwar Pujara: भारत के कई स्टार खिलाड़ी इस समय रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 13 सालों बाद रणजी में वापसी की थी लेकिन वे अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे. कोहली के अलावा भारत के और भी सितारे इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ रहे हैं. इसमें अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा का नाम शामिल है.

पुजारा और रहाणे का बल्ला इस दौरान जरूर चला है लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके. दोनों ही बल्लेबाज शतक से चूक गए और इस तरह से कभी टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए रीढ़ की हड्डी रहे तीनों खिलाडियों के लिए ये निराश करने वाला दिन रहा. बता दें कि रहाणे और पुजारा लगातार घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं औप टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

99 रनों पर ऑउट हुए चेतेश्वर पुजारा

घरेलू क्रिकेट में पुजारा सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए नजर आते हैं. ऐसे में असम के खिलाफ राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी और 99 रन बनाए. हालांकि, वे शतक लगाने से चूक गए. दिग्गज बल्लेबाज ने 167 गेंदों का सामना करते हुए 99 रनों की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके भी निकले.

अजिंक्य रहाणे भी शतक से चूके

मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपनी टीम के लिए मेघालय के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी. उन्होंने इस मैच में 117 बॉल पर 96 रन बनाए. रहाणे के बल्ले से इस दौरान 11 चौके और एक छक्का निकला. ऐसे में उनके लिए भी ये एक निराश करने वाला दिन रहा और शतक लगाने से चूक गए.

विराट कोहली बुरी तरह से हुए फ्लॉप

विराट कोहली ने 13 सालों बाद इस टूर्नामेंट में वापसी की और उन्हें देखने के लिए दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में फैंस की लंबी-लंबी कतार भी देखने को मिली. हालांकि, कोहली ने अपने फैंस को निराश किया और वे 15 गेंदों पर मात्र 6 रन बनाकर ऑउट हो गए.