अफगान बल्लेबाजों को स्पिन की फिरकी में फंसाने का मिला इनाम, मानव सुथार की काउंटी चैंपियनशिप में एंट्री
अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय स्पिनर मानव सुथार को इंग्लैंड के काउंटी क्लब वारविकशायर ने दो मैचों के लिए साइन कर लिया गया है. मानव अब काउंटी चैम्पियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट को हाल के सालों में कई युवा सितारे मिले हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी अपने पहले ही मैच में ऐसा प्रभाव छोड़ते हैं कि उन्हें भूल पाना लोगों के लिए संभव नहीं है. युवा स्पिनर मानव सुथार का नाम उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में ही शानदार गेंदबाजी करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. अब मानव को उनकी इस प्रतिभा के आधार पर इंग्लैंड की प्रतिष्ठित काउंटी क्रिकेट में खेलने का मौका मिला है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
वारविकशायर ने मानव सुथार को किया साइन
इंग्लिश काउंटी क्लब वारविकशायर ने मानव सुथार को मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप सीजन के अगले दो राउंड के लिए टीम में शामिल किया है. क्लब ने आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा करते हुए बताया कि भारतीय स्पिनर आगामी दो दौर के मैचों के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. यह अवसर सुथार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को और बेहतर साबित करने का मंच देगा.
टेस्ट डेब्यू में छोड़ी गहरी छाप
मानव सुथार ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया था. पहली पारी में उन्होंने छह विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया था, जबकि दूसरी पारी में भी महत्वपूर्ण सफलता हासिल की. उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला.
Also Read
- IND vs AFG: टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन! फिर टली हार्दिक की वापसी... अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से हुए बाहर
- 2027 वर्ल्ड कप से पहले Team India में बढ़ी हलचल! सीनियर प्लेयर्स ने गंभीर को दरकिनार कर BCCI से सीधे मांगी क्लैरिटी
- बेन स्टोक्स के करियर पर मंडरा रहा खतरा! विवाद के बाद कप्तानी छोड़ने या संन्यास लेने पर कर रहे विचार
रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम
युवा स्पिनर ने अपने डेब्यू टेस्ट में कई उपलब्धियां हासिल कीं. वह लंबे समय बाद अपने पहले टेस्ट की एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में शामिल हुए. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने टेस्ट करियर के पहले ही ओवर में विकेट लेकर भी खास उपलब्धि हासिल की.
काउंटी क्रिकेट में मिलेगी नई चुनौती
वारविकशायर के लिए मानव सुथार पहले यॉर्कशायर के खिलाफ और फिर समरसेट के विरुद्ध मैदान पर उतर सकते हैं. इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलना किसी भी भारतीय स्पिनर के लिए बड़ी चुनौती माना जाता है. ऐसे में यह अनुभव उनके खेल को और निखारने में मदद कर सकता है.