एक ही कमरे में बैठे दोस्त, फिर भी फोन पर चैट! Gen Z की इस आदत के पीछे क्या है वजह?

Gen Z के कई युवा एक ही कमरे में बैठे होने के बावजूद फोन पर मैसेज, मीम और रील शेयर करना पसंद करते हैं. इसकी वजह डिजिटल तकनीक की आदत, आसानी से अपनी बात कह पाना और आमने-सामने बातचीत में होने वाली झिझक हो सकती है.

Pinterest
Km Jaya

आज के डिजिटल दौर में बातचीत करने का तरीका तेजी से बदल रहा है. आपने कई बार देखा होगा कि दो दोस्त या भाई-बहन एक ही कमरे में बैठे होते हैं, लेकिन आमने-सामने बात करने के बजाय एक-दूसरे को फोन पर मैसेज भेजते रहते हैं. कभी इंस्टाग्राम पर रील शेयर की जाती है, तो कभी व्हाट्सऐप पर मीम भेजकर हंसी-मजाक किया जाता है. 

पहली नजर में यह आदत अजीब लग सकती है, लेकिन जेनरेशन जेड यानी Gen Z के कई युवाओं के लिए यह रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई है. सवाल यह है कि पास बैठे होने के बावजूद वे सीधे बात करने के बजाय फोन का सहारा क्यों लेते हैं.

मैसेज पर बात करना लगता है ज्यादा आसान

Gen Z ने बचपन से ही स्मार्टफोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया के बीच अपनी दुनिया बनाई है. ऐसे में डिजिटल माध्यम उनके लिए बातचीत का एक सहज तरीका बन गया है. कई बार सामने बैठकर पूरी बात समझाने के बजाय एक छोटा सा मैसेज भेजना उन्हें आसान लगता है.


इसके लिए न तो अपनी जगह से उठने की जरूरत होती है और न ही बातचीत शुरू करने के लिए किसी खास मौके का इंतजार करना पड़ता है. हालांकि, इसकी वजह केवल आलस नहीं है, बल्कि डिजिटल संचार की आदत भी हो सकती है.

हर बात बोलकर बताना जरूरी नहीं

कई बार दोस्तों के बीच बातचीत के लिए शब्दों की जरूरत ही नहीं पड़ती. कोई मजेदार वीडियो, मीम या रील शेयर करके भी अपनी बात कही जा सकती है. उदाहरण के लिए, अगर किसी दोस्त को कोई फनी वीडियो दिखाना है या किसी बात पर उसका मजाक उड़ाना है, तो उसे सीधे फोन पर भेजना आसान लगता है. इस तरह एक ही कमरे में बैठे लोग अपनी स्क्रीन के जरिए भी बातचीत करते रहते हैं. उनके लिए मीम और रील केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि एक-दूसरे से जुड़ने का तरीका भी हैं.

आमने-सामने बात करने में हो सकती है झिझक

हर व्यक्ति अपनी भावनाएं आसानी से सामने बैठकर व्यक्त नहीं कर पाता. कुछ लोगों को अपनी बात कहने में झिझक होती है, तो कुछ को तुरंत जवाब देने का दबाव महसूस होता है. ऐसे में मैसेज उन्हें अपनी बात सोच-समझकर लिखने का मौका देता है. वे अपने शब्दों को चुन सकते हैं और जवाब देने से पहले थोड़ा समय भी ले सकते हैं. हालांकि, यह व्यवहार केवल Gen Z तक सीमित नहीं है. अलग-अलग उम्र के लोग भी कई बार अपनी बात कहने के लिए डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता देते हैं.

क्या फोन पर बातचीत से रिश्तों पर पड़ता है असर?

फोन पर मैसेज करना या मीम शेयर करना अपने आप में गलत नहीं है. इससे दोस्त और परिवार के सदस्य छोटी-छोटी बातों के जरिए जुड़े रह सकते हैं. लेकिन अगर हर बातचीत स्क्रीन के जरिए ही होने लगे, तो आमने-सामने बात करने के मौके कम हो सकते हैं. कई बार साथ बैठा व्यक्ति खुद को नजरअंदाज महसूस कर सकता है. लगातार फोन में व्यस्त रहने से एक-दूसरे की भावनाओं और प्रतिक्रियाओं को समझने का अवसर भी कम हो सकता है.

फोन और आमने-सामने की बातचीत में संतुलन जरूरी

डिजिटल बातचीत आज की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है. ऐसे में फोन का इस्तेमाल पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है, बल्कि यह समझना जरूरी है कि कब मैसेज करना बेहतर है और कब सामने बैठकर बात करनी चाहिए. दोस्तों के साथ मीम और रील शेयर करने का अपना मजा है, लेकिन साथ बैठकर हंसना, अपनी बातें साझा करना और एक-दूसरे को ध्यान से सुनना भी रिश्तों को मजबूत बनाने में मदद करता है. आखिरकार, तकनीक लोगों को जोड़ने का माध्यम है, न कि उनके बीच मौजूद बातचीत की जगह पूरी तरह लेने का विकल्प.