कुवैत एयरपोर्ट पर भूखे-प्यासे 13 घंटे फंसे रहे भारतीय, वीडियो में नजर आया खौफनाक मंजर
मुंबई से मैनचेस्टर जा रहे भारतीय यात्री ने बताया कि विमान मुम्बई से आकर बहरीन से मैनचेस्टर जा रहा था और लगभग दो घंटे तक उड़ान भर चुका था, तभी अचानक सभी को आपातकालीन लैंडिंग के लिए तैयार रहने को कहा गया.
महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई से मैनचेस्टर जाने वाले भारतीय यात्री कुवैत एयरपोर्ट पर 13 घंटे से ज्यादा समय से फंसे हुए हैं. इस दौरान उन्होंने वहां हो रही समस्याओं की गंभीर शिकायत की है. यात्रियों का कहना है कि उन्हें इस दौरान न तो खाना मिला और न ही कोई मदद. एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गल्फ एयर के यात्री एयरपोर्ट अधिकारियों से बहस करते हुए नजर आ रहे हैं.
कुवैत एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें न तो एयरलाइन द्वारा कोई खाने-पीने की व्यवस्था दी गई और न ही उन्हें यात्रा के दौरान कोई सहारा मिला. इस बीच सोशल मीडिया पर एक ट्वीट में यात्री ने यह भी कहा कि एयरलाइन ने केवल यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और अमेरिका के यात्रियों को ठहरने की सुविधा दी गई, जबकि भारतीय और अन्य यात्रियों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया.
यात्रियों को कुवैत एयरपोर्ट से नहीं मिली मदद
कुवैत एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों ने कहा कि एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों की ओर से कोई भी उचित सहायता नहीं दी गई. यात्रियों ने बताया कि कुवैत में उतरने से पहले ही उनकी फ्लाइट ने यू-टर्न ले लिया. उन्होंने बताया कि लैंडिंग से 20 मिनट पहले फ्लाइट के डायवर्जन की घोषणा की गई. हालांकि, गल्फ एयर ने इस मामले पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है.
यात्रियों ने एयरलाइन पर लगाए आरोप
इस दौरान एक यात्री आरजू सिंह ने बताया कि उन्होंने कम से कम लाउंज तक पहुंच की मांग की थी, लेकिन एयरपोर्ट अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया. "13 घंटे से अधिक हो गए हैं. करीब 60 यात्री हैं. हमने कहा कि यदि संभव हो तो लाउंज में प्रवेश की अनुमति दी जाए, लेकिन उन्होंने हमसे संपर्क नहीं किया. वे सुबह से ही हर तीन घंटे पर हमें बता रहे हैं कि हम घर जा रहे हैं.
आरजू सिंह ने आगे कहा कि, जब वे उन यात्रियों से घिरी हुई थीं जो आधे दिन से टर्मिनल में बैठे हैं. उन्होंने कहा, "हम सभी को कल काम है, लोग ब्रिटेन में इंतजार कर रहे हैं. हम दूतावास से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं.