Venezuela Earthquake: कुछ सेकंड में मची चीख-पुकार, 7.5 तीव्रता के भूकंप ने वेनेजुएला को हिलाया; 10 हजार मौतों की आशंका
वेनेजुएला में 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी. राजधानी काराकास समेत कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है और एक 22 मंजिला इमारत पूरी तरह ढह गई.
Venezuela Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी है. करीब एक मिनट के अंतराल में 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली झटकों से कई इमारतें और मकान ढह गए, जबकि अनेक भवनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है. प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल है और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. USGS यानी यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है. लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और इमारतों से बाहर निकल आए. भूकंप के बाद कई भवनों में दरारें पड़ने और कुछ इमारतों के गिरने की खबरें सामने आई हैं. प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है, जबकि विशेषज्ञ संभावित आफ्टरशॉक्स को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं.
काराकास में सबसे ज्यादा दिखा भूकंप का असर
स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर पहला झटका महसूस किया गया. इसके कुछ ही क्षण बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका आया. राजधानी काराकास में कंपन इतना तेज था कि लोग घबराकर सड़कों पर निकल आए. कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं और प्रशासन ने लोगों से फिलहाल भवनों के भीतर न रहने की अपील की है.
22 मंजिला इमारत के गिरने से बढ़ी चिंता
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार काराकास के अल्तामीरा क्षेत्र में एक 22 मंजिला इमारत पूरी तरह ढह गई. भूकंप के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई जगहों पर मलबा और क्षतिग्रस्त संरचनाएं दिखाई दे रही हैं. इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. कई इलाकों में आपातकालीन सेवाएं लगातार स्थिति का आकलन कर रही हैं.
Also Read
बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने दूसरे झटके के बाद भारी नुकसान और बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की आशंका जताई है. हालांकि, आधिकारिक रूप से हताहतों की संख्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है. बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है.
सैकड़ों बचावकर्मी राहत कार्य में जुटे
काराकास के चाकाओ इलाके में 500 से अधिक आपातकालीन कर्मचारी राहत और बचाव अभियान में लगे हुए हैं. स्थानीय प्रशासन के अनुसार मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश लगातार जारी है. मेयर गुस्तावो ड्यूक ने जानकारी दी कि अब तक कम से कम 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. राहत कार्य तेज गति से जारी है.
सुनामी चेतावनी वापस, लेकिन सतर्क रहने की सलाह
भूकंप के बाद प्रारंभिक तौर पर सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन बाद में अमेरिका के सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने इसे वापस ले लिया. दूसरी ओर गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने लोगों से खुले स्थानों में रहने और आफ्टरशॉक्स की संभावना को देखते हुए इमारतों से दूर रहने की अपील की है. इसी बीच जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, हालांकि वहां किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है.