क्या सच में ट्रंप पागलपन की स्थिति में हैं? राष्ट्रपति के मेंटल हेल्थ पर डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने उठाए सवाल
डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को लेकर दिए गए बयान के बाद अमेरिकी नेताओं ने उनके मानसिक संतुलन पर सवाल उठाए हैं. डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने इसे खतरनाक बताते हुए हस्तक्षेप की मांग की है.
नई दिल्ली: अमेरिकी नेताओं ने डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान को धमकी देते हुए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था. ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे और पुलों पर हमले की चेतावनी दी. अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर उन्होंने लिखा, 'मंगलवार ईरान में पावर प्लांट और ब्रिज डे होगा... होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलो, वरना तुम नरक में रहोगे.'
इस पोस्ट में ट्रंप ने ईरान के बारे में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया जो किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष से अपेक्षित नहीं होती. यह जलमार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस आपूर्ति मार्गों में से एक है. फरवरी के अंत से यह काफी हद तक बंद रहा है, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ संघर्ष शुरू किया था. एक ऐसी स्थिति जिसने वैश्विक तेल की कीमतों को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है.
ट्रंप ने क्या दी है धमकी?
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान को बार-बार धमकी दी है और इस समुद्री मार्ग को फिर से खोलने के लिए एक अल्टीमेटम जारी किया है. उन्होंने यूरोपीय और नाटो सहयोगियों के प्रति भी निराशा व्यक्त की है क्योंकि वे जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में अमेरिका की सहायता नहीं किए. ट्रंप ने तो यहां तक चेतावनी दे दी कि संयुक्त राज्य अमेरिका नाटो से बाहर निकल सकता है.
US सीनेट के सदस्य और डेमोक्रेटिक नेताओं का क्या है कहना?
अमेरिकी सीनेट के सदस्य और डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता चक शूमर ने ईरान के बारे में डोनाल्ड ट्रंप के बयान को एक असंतुलित व्यक्ति की बकवास कहकर खारिज कर दिया. उन्होंने जोर देकर कहा कि ट्रंप का व्यवहार अमेरिका के सहयोगियों को दूर कर रहा है.
ट्रंप के बयान की क्यों हुई आलोचना?
ट्रंप की पूर्व सहयोगी मार्जोरी टेलर ग्रीन ने भी उनके बयान की कड़ी आलोचना की और घोषणा की कि राष्ट्रपति पागलपन की हालत में हैं. उन्होंने अमेरिकी प्रशासन के सदस्यों से हस्तक्षेप करने की अपील की. टेलर ग्रीन ने कहा कि यह युद्ध बिना किसी उकसावे के शुरू किया गया था और इसमें निर्दोष लोगों की जान जा रही है.
अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने क्या कहा?
अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने जोर देकर कहा कि अमेरिकी कांग्रेस को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए और इस युद्ध को समाप्त करना चाहिए. इस बीच सीनेटर क्रिस मर्फी ने टिप्पणी की कि यदि वे कैबिनेट के सदस्य होते तो वे 25वें संशोधन को लागू करने पर विचार करते. उन्होंने ट्रंप के बयान को पूरी तरह से मानसिक संतुलन खो चुके व्यक्ति की मानसिकता का संकेत बताया और चेतावनी दी कि इससे जान-माल का और भी अधिक नुकसान हो सकता है.