पाक में सियासी हंगामा, आम चुनाव टालने को लेकर संसद से पारित हुआ प्रस्ताव

Pakistan Election: शुक्रवार को पाक संसद के ऊपरी सदन ने एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए चुनाव में देरी की बात की गई है. 

Shubhank Agnihotri

Pakistan Election: पाकिस्तान में अगले महीने आम चुनाव होने प्रस्तावित हैं. इस बीच कुछ ऐसा हुआ है जिससे पाक में सियासी हंगामे के आसार बनते दिखाई दे रहे हैं. दरअसल शुक्रवार को संसद के ऊपरी सदन ने एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए चुनाव में देरी की बात की गई है. 

ऊपरी सदन का मिला व्यापक समर्थन 

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, स्वतंत्र सीनेटर दिलावर खान की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव को पाकिस्तान की संसद के ऊपरी सदन में व्यापक समर्थन मिला है. हालांकि इसका विरोध नवाज शरीफ की पार्टी ने किया है. संसद के ऊपरी सदन में कुल मिलाकर 100 सदस्य हैं. 

चुनाव स्थगित करने की प्रक्रिया शुरू...

कानून व्यवस्था के खतरे को देखते हुए सीनेटर ने आगे कहा कि चुनावी रैलियों के दौरान खुफिया एजेंसियों द्वारा खतरे की चेतावनी भी जारी की गई है. सीनेट ने कहा है कि बाधाओं को दूर किए बिना यह चुनाव नहीं होने चाहिए. पाकिस्तान चुनाव आयोग को चुनाव स्थगित करने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए. 

सुरक्षा और कानून व्यवस्था अहम मुद्दा 

रिपोर्ट के मुताबिक, सीनेटर दिलावर खान ने कहा कि देश के अधिकांश इलाके जबरदस्त ठंड का सामना कर रहे हैं. इसलिए वहां चुनाव में लोगों का भाग लेना असंभव नजर आ रहा है. सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है, नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है. 

रिपोर्ट के अनुसार पाक चुनाव आयोग को 8 फरवरी को चुनाव कराने की अपनी घोषणा पर कायम रहने के सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद केवल 14 सांसदों की उपस्थिति में यह प्रस्ताव सदन से पारित हुआ है.