menu-icon
India Daily

1 अरब डॉलर के साथ की सबसे खूबसूरत दुल्हन की मांग, युगांडा के सेना प्रमुख ने की तुर्की से अजीब डिमांड

युगांडा के सेना प्रमुख ने तुर्की से एक अरब डॉलर और सबसे सुंदर महिला की मांग की है. इस बयान पर विवाद बढ़ गया है और इसे लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
1 अरब डॉलर के साथ की सबसे खूबसूरत दुल्हन की मांग, युगांडा के सेना प्रमुख ने की तुर्की से अजीब डिमांड
Courtesy: @PGTAnalytics x account

नई दिल्ली: युगांडा के सेना प्रमुख मुहूजी कैनेरुगाबा एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने तुर्की से एक अरब डॉलर की मांग के साथ एक अजीब और विवादित शर्त भी रख दी है. उन्होंने कहा कि तुर्की उन्हें अपने देश की सबसे खूबसूरत महिला को पत्नी के रूप में दे.

रिपोर्ट के अनुसार मुहूजी कैनेरुगाबा ने यह मांग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट के जरिए रखी. उन्होंने तुर्की से कहा कि सोमालिया में युगांडा की सैन्य भूमिका के बदले उसे एक अरब डॉलर का भुगतान किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत रूप से तुर्की की सबसे सुंदर महिला को अपनी पत्नी बनाने की इच्छा भी जताई.

कैनेरुगाबा ने क्या दी है चेतावनी?

कैनेरुगाबा ने चेतावनी दी कि अगर 30 दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो युगांडा तुर्की के साथ अपने राजनयिक संबंध खत्म कर सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि तुर्की एयरलाइंस को युगांडा के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने से रोका जा सकता है और राजधानी कंपाला में स्थित तुर्की दूतावास को बंद किया जा सकता है.

तुर्की पर क्या लगाए आरोप?

उन्होंने अपने पोस्ट में तुर्की पर आरोप लगाया कि वह सोमालिया में इंफ्रास्ट्रक्चर और पोर्ट प्रोजेक्ट्स से लाभ कमा रहा है, जबकि युगांडा पिछले दो दशकों से अल-शबाब जैसे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सुरक्षा का बोझ उठा रहा है. इसी आधार पर उन्होंने इस राशि को ‘सिक्योरिटी डिविडेंड’ बताया.

हालांकि उनके इस बयान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना भी हो रही है. यह पहली बार नहीं है जब कैनेरुगाबा ने इस तरह का विवादित बयान दिया है.

पहले भी दे चुके हैं ऐसे विवादित बयान

साल 2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से शादी के लिए 100 गायों का प्रस्ताव रखा था. उन्होंने यह भी कहा था कि अगर यह प्रस्ताव ठुकराया गया, तो वे रोम पर कब्जा कर सकते हैं. 

उनके पिता को क्यों मांगनी पड़ी थी माफी?

इस बयान के बाद युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी को माफी मांगनी पड़ी थी. मुहूजी कैनेरुगाबा, राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे हैं और उन्हें भविष्य का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है. इससे पहले भी वे केन्या को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं, जिसमें उन्होंने नैरोबी पर कब्जा करने की बात कही थी.

फिलहाल तुर्की या सोमालिया की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. वहीं युगांडा सरकार ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह बयान आधिकारिक नीति का हिस्सा है या केवल व्यक्तिगत राय.