Pakistan News: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ यूएई की यात्रा पर पहुंचे हैं. पाक पीएम की यह यात्रा मदद की उम्मीद से की गई थी. उनकी इस यात्रा का पाक को लाभ भी मिला है. दरअसल यूएई ने खस्ताहाल पाकिस्तान के लिए अपना खजाना खोल दिया है. समाचार रिपोर्ट के मुताबिक,यूएई ने पाक के आशाजनक आर्थिक क्षेत्रों में निवेश करने के लिए 10 अरब डॉलर के आवंटन की घोषणा की है. यह डील राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और शहबाज के बीच मुलाकात के दौरान हुई.
रिपोर्ट के अनुसार, पाक के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक दिन के दौरे पर यूएई पहुंचे हैं. इस मीटिंग में शहबाज के साथ पाक के विदेश मंत्री इशाक डार भी मौजूद थे. कहा जा रहा है पाक को इतनी बड़ी रकम हासिल होना बड़ी कामयाबी है. पाकिस्तान इन दिनों बेहद खराब आर्थिक दौर से गुजर रहा है. ऐसे में यह मदद उसके लिए बेहद राहत वाली होगी.
पाकिस्तान अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए विदेशी निवेश को आकर्षित करने पर जोर दे रहा है. पाकिस्तान में महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन दूभर हो गया है. आईएमएफ के साथ समझौते के कारण वह कठोर सुधार अपना रहा है. हालांकि यूएई की ओर से यह नहीं बताया गया है कि वह किन क्षेत्रों में यह निवेश करेगा. इससे पहले पाक के पीएम ने बयान देते हुए कहा था कि वे दिन गए जब पाक के अधिकारी भीख का कटोरा लेकर मित्र देशों में जाते थे. शहबाज शरीफ ने वहां काम कर रहे 18 लाख प्रवासियों को काम देने के लिए यूएई सरकार का धन्यवाद किया.