नेपाल बाढ़ की खौफनाक तस्वीर! मृत महिला के शरीर से झुमके चुराने का वीडियो वायरल, 2 गिरफ्तार
नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच एक शर्मनाक घटना सामने आई है. एक सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बचाव कार्यों के दौरान दो लोगों ने एक मृत महिला के शरीर से सोने के झुमके चुराए हैं.
Nepal Flood Theft: नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच एक शर्मनाक घटना सामने आई है. एक सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बचाव कार्यों के दौरान दो लोगों ने एक मृत महिला के शरीर से सोने के झुमके चुराए हैं. इस आरोप में इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई.
वीडियो में क्या दिखा?
41 सेकंड के वीडियो में दो पुरुष नारायणी नदी से एक महिला के शव को लकड़ी और बाल पकड़कर बाहर निकालते दिख रहे हैं. इसके बाद वे महिला के दोनों कानों से झुमके निकालकर अलग रख देते हैं. आसपास कई लोग खड़े होकर वीडियो बना रहे थे. नेपाल पुलिस ने इस वीडियो को दोबारा शेयर करते हुए बताया कि दोनों आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है.
आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार:
चितवन पुलिस की जांच में पता चला कि शव बाढ़ में नारायणी नदी में बहकर आया था. वीडियो के आधार पर पुलिस ने 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी की पहचान की. दोनों को गुरुवार को भरतपुर महानगरपालिका-1 के पोखरा बस पार्क के पास गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने साफ कहा कि आपदा के समय पीड़ितों के साथ कोई भी अमानवीय या लूट की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बाढ़ की भयावह तस्वीर:
यह घटना नेपाल के सबसे भीषण बाढ़ आपदाओं में से एक के बीच हुई है. तिब्बत-नेपाल सीमा क्षेत्र में आई फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से अब तक कम से कम 392 लोगों की मौत हो चुकी है. 1400 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. कई गांव पूरी तरह बह गए हैं. बचाव टीमें कीचड़ में काम कर रही हैं.
चीन के ग्यिरोंग पोर्ट पर भी भारी नुकसान हुआ है. वहां मुदस्लाइड ने एक बहुमंजिला इमारत और बस पार्किंग को निगल लिया. आसपास कीचड़ डेढ़ मीटर से ज्यादा गहरा जमा हो गया है. सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और बारिश जारी रहने से और नुकसान की आशंका है.