तालिबान सरकार का नया फरमान, अमान्य घोषित होंगे 14 देशों में अफगानी दूतावास
Taliban News: अफगानिस्तान के तालिबान शासन ने नया फरमान जारी किया है. तालिबान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिमी देशों में पुरानी अफगानिस्तान द्वारा स्थापित राजनयिक मिशनों को अमान्य घोषित करता है. इन दूतावासों के द्वारा जारी कोई भी दस्तावेज अब वैध नहीं होगा, तालिबान इसकी जिम्मेदारी नहीं लेगा.
Taliban News: अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने बड़ा फैसला किया है. तालिबान ने अफगानिस्तान के पश्चिमी देशों में स्थिति दूतावासों को अमान्य घोषित कर दिया है. अमान्य दूतावासों में ब्रिटेन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, फ्रांस, इटली और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं. इन सभी दूतावासों को अफगानिस्तान की अशरफ गनी की सरकार के शासनकाल में खोला गया था.
तालिबान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इन दूतावासों की ओर से जारी किया गया कोई भी पासपोर्ट, वीजा, डिप्लोमैटिक दस्तावेजड अब मान्य नहीं होगा. अफगानिस्तान का वर्तमान तालिबान शासन इनके लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
दूसरे देशों में जाकर रिन्यू होंगे दस्तावेज
मंत्रालय ने नए पासपोर्ट हासिल करने के लिए कहा कि लोगों को अब तालिबान की इस्लामिक एमिरेट ऑफ अफगानिस्तान सरकार के नेतृत्व वाले दूतावासों से संपर्क करना होगा. विदेशों में रहने वाले सभी अफगान नागरिकों को अमान्य घोषित किए गए दूतावासों के अलावा दूसरे देशों में जाकर अपने दस्तावेज को रिन्यू कराना होगा.
तालिबान शासन के साथ काम करने की इच्छा
इस कदम का मतलब है कि यूरोप में लोगों के लिए सबसे नजदीकी अफगान दूतावास स्पेन और नीदरलैंड में होने की संभावना है. मार्च 2023 में तालिबान ने कहा था कि वे ज्यादा से ज्यादा अफगान दूतावासों को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश कर रहा है. इस दौरान स्पेन और नीदरलैंड में मौजूद अफगान दूतावास ने कहा था कि वह तालिबान शासन के नेतृत्व के साथ मिलकर काम करने का प्रयास कर रहे हैं.
राजनयिक मिशनों पर नियंत्रण चाहता है तालिबान
2021 में सत्ता में लौटने के बाद से यह तालिबान का राजनयिक मिशनों पर नियंत्रण करने का नया प्रयास है. कई तालिबान नेता प्रतिबंधों का सामना कर रहे हैं कोई भी देश उन्हें अफगानिस्तान के वैध शासक के रूप में मान्यता नहीं देता है. संयुक्त राष्ट्र में देश की सीट अभी भी अशरफ गनी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार के पास है लेकिन तालिबान इसे चाहता है.
कई देशों में हैं तालिबान का दूतावास
मार्च 2023 में तालिबान ने कहा कि वे विदेशों में और अधिक अफ़गान दूतावासों का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रहे हैं. उनके मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा था कि प्रशासन ने कम से कम 14 देशों में राजनयिक भेजे हैं.तालिबान सरकार के फिलहाल पाकिस्तान, चीन और रूस जैसे देशों में दूतावास मौजूद हैं.