US Israel Iran War

चंद सेकेंड में पाताल लोक में समा गई चीन की सड़क, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर

शंघाई में ऐसी घटनाएं नई नहीं हैं. शहर की जमीन नरम मिट्टी की बनी है. यहां बहुत ज्यादा पानी निकाला जाता है और निर्माण कार्य तेजी से होते हैं.

@Osint613
Sagar Bhardwaj

चीन के शंघाई शहर में एक बड़ा हादसा हो गया. 11 फरवरी को एक व्यस्त सड़क अचानक धंस गई और वहां बड़ा गड्ढा बन गया. यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क का एक बड़ा हिस्सा चंद सेकंड में जमीन में धंस गया. जहां यह रोड धंसी वहां आसपास कुछ कंटेनर भी रखे हुए थे, वो भी उस विशालकाय गड्ढे में समा गए.

बाल-बाल बचे लोग

यह घटना मिनहांग जिले में क्यूक्सिन रोड और लियान रोड के चौराहे पर हुई. बताया जा रहा है कि वहां जियामिन मेट्रो लाइन का निर्माण कार्य चल रहा था. एक दिन पहले ही वहां पानी का रिसाव बताया गया था. शायद इसी वजह से जमीन कमजोर हो गई और सड़क धंस गई. अच्छी बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और कोई घायल भी नहीं हुआ. लोग जल्दी से सुरक्षित जगह पर भाग गए.

शंघाई में अकसर होती रहती हैं ऐसी घटनाएं

शंघाई में ऐसी घटनाएं नई नहीं हैं. शहर की जमीन नरम मिट्टी की बनी है. यहां बहुत ज्यादा पानी निकाला जाता है और निर्माण कार्य तेजी से होते हैं. इससे जमीन के नीचे खाली जगहें बन जाती हैं. पुरानी पाइपलाइन और ढांचे भी कमजोर हो जाते हैं. इन सब कारणों से छोटे-छोटे गड्ढे से लेकर बड़े सिंकहोल तक बन जाते हैं.

साल 2017 से 2023 तक चीन में हुए ज्यादातर सिंकहोल इंसानी गतिविधियों से जुड़े थे. जैसे निर्माण में गड़बड़ी या पुरानी लाइनें फटना. जनवरी 2024 में भी मिनहांग जिले में ही सीवेज पाइप फटने से सड़क करीब 10 मीटर नीचे धंस गई थी. तब भी कोई हादसा नहीं हुआ था.

यह नया हादसा शहर की सुरक्षा पर फिर से सवाल उठा रहा है. तेजी से बढ़ते शहरों में, खासकर ऐसी जगहों पर जहां जमीन पहले से कमजोर है, सावधानी बहुत जरूरी है. लोगों को उम्मीद है कि सरकार अब और सख्त कदम उठाएगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. अभी सड़क को बंद कर दिया गया है और जांच चल रही है.